होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / ‘फर्स्ट इंडिया’ न्यूज समूह और ‘भारत24’ में इस बड़े पद से आशीष तिवारी ने दिया इस्तीफा
‘फर्स्ट इंडिया’ न्यूज समूह और ‘भारत24’ में इस बड़े पद से आशीष तिवारी ने दिया इस्तीफा
पूर्व में आशीष तिवारी ‘आईबीएन7’ (अब न्यूज18 इंडिया), ‘सहारा टीवी‘, ‘आजतक‘, ‘स्टार प्लस‘, ‘टाइम्स ऑफ इंडिया‘ और ‘राजश्री एंटरटेनमेंट‘ जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी भूमिका निभा चुके हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
‘फर्स्ट इंडिया’ (First India) न्यूज ग्रुप के मैनेजिंग एडिटर (एंटरटेनमेंट) और ‘भारत24’ (Bharat24) के महाराष्ट्र प्रमुख आशीष तिवारी ने यहां से इस्तीफा दे दिया है। समाचार4मीडिया से बातचीत में आशीष तिवारी ने बताया कि वह जल्द ही अपनी नई पारी की शुरुआत करेंगे और फिर उस मीडिया समूह के नाम का खुलासा करेंगे।
बुधवार को आशीष तिवारी को संस्थान की ओर से मुंबई में फेयरवेल पार्टी दी गई। ‘फर्स्ट इंडिया’ न्यूज ग्रुप और ‘भारत24’ के सीईओ व सीएमडी जगदीश चंद्रा ने आशीष तिवारी को उनके भविष्य के प्रयासों के लिए अपना आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं।
आशीष तिवारी की फेयरवेल पार्टी में फर्स्ट इंडिया की पूरी टीम मौजूद थी। पार्टी में रोखशन अदजानिया, जानवी दलवी, रजनी दुबे, दामिनी सिंह, भीम राजभर, संजीव यादव, सचिन, अरविंद उग्रेजिया, अजय उग्रेजिया, जलज तिवारी और सत्यप्रकाश मौजूद थे। इसमें एक विशेष सदस्य खालिद अंसारी को भी आमंत्रित किया गया था, जो लंबे समय से फर्स्ट इंडिया न्यूज ग्रुप के शुभचिंतक हैं।
बता दें आशीष तिवारी को जगदीश चंद्रा राजश्री एंटरटेनमेंट से फर्स्ट इंडिया ग्रुप में लेकर आए थे। पहले आशीष को मुंबई में फर्स्ट इंडिया के डिजिटल प्लेटफॉर्म फर्स्ट इंडिया फिल्मी (First India Filmy) और फर्स्ट इंडिया स्पॉटलाइट (First India Spotlight) को लॉन्च करने की जिम्मेदारी दी गई थी। फिर मुंबई से फर्स्ट इंडिया न्यूज पेपर के लॉन्च की भी जिम्मेदारी दी गई। खासकर बॉलीवुड और टेलीविजन जगत से जुड़ी हुई खबरों के लिए दिल्ली मुंबई जयपुर के स्पेशल फीचर पेज के लिए आशीष और उनकी टीम ने काम किया और जब भारत 24 लॉन्च किया गया तब आशीष को उसके एंटरटेनमेंट की भी जिम्मेदारी दे दी गई और फरवरी में उन्हें भारत के महाराष्ट्र हेड के तौर पर पदोन्नति दी गई।
आशीष तिवारी को मीडिया में काम करने का 15 साल से ज्यादा का अनुभव है। पूर्व में आशीष तिवारी ‘आईबीएन7’ (अब न्यूज18 इंडिया), ‘सहारा टीवी‘, ‘आजतक‘, ‘स्टार प्लस‘, ‘टाइम्स ऑफ इंडिया‘ और ‘राजश्री एंटरटेनमेंट‘ जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी भूमिका निभा चुके हैं। इस दौरान वह न्यूज एंकरिंग के साथ-साथ पॉलिटिकल, स्पोर्ट्स और एंटरटेनमेंट रिपोर्टिंग में अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं।
अपने इंटरव्यू शो ‘unfiltered baatein with ashish’ के माध्यम से आशीष तिवारी ने इंडस्ट्री में अपनी एक अलग पहचान बनाई है, जिसमें वह स्पोर्ट्स, फिल्म्स और राजनीति जगत से जुड़ी हस्तियों का इंटरव्यू करते हैं। पत्रकारिता क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें अब तक तमाम पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है।
समाचार4मीडिया की ओर से आशीष तिवारी को उनके नए सफर के लिए अग्रिम शुभकामनाएं।
टैग्स इस्तीफा मैनेजिंग एडिटर आशीष तिवारी रिजाइन जगदीश चंद्रा भारत24 फर्स्ट इंडिया