होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / सचिन पायलट के मीडिया मैनेजर व पत्रकार के खिलाफ FIR
सचिन पायलट के मीडिया मैनेजर व पत्रकार के खिलाफ FIR
विधायकों की कथित रूप से हुई फोन टैपिंग के मामले में जयपुर के एक थाने में दर्ज कराई गई है एफआईआर
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
विधायकों की कथित रूप से हुई फोन टैपिंग से जुड़े मामले में राजस्थान पुलिस ने पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के मीडिया मैनेजर लोकेंद्र सिंह और एक चैनल के पत्रकार शरत कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने इस मामले में लोकेंद्र सिंह को पूछताछ के लिए बुलाया है और उनसे अपना मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर लाने को कहा है, जिसके माध्यम से उन्होंने कथित रूप से उक्त सूचना को फैलाया था।
दरअसल, मामला करीब दो महीने पुराना है, जब सचिन पायलट कैंप की ओर से अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली राज्य सरकार पर कुछ विधायकों की फोन टैपिंग का आरोप लगाया गया था, लेकिन एफआईआर अब जाकर दर्ज हुई है। यह एफआईआर जयपुर के विधायकपुरी थाने में दर्ज की गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बारे में शरत कुमार का कहना है कि यह स्टोरी लगभग सभी न्यूज चैनल्स ने सुबह से लेकर शाम तक चलाई थी, ऐसे में सिर्फ एक चैनल को ही निशाना क्यों बनाया जा रहा है। बता दें कि सात अगस्त को पायलट कैंप की ओर से गहलोत सरकार पर कुछ विधायकों का फोन टेप किए जाने के आरोप लगाए गए थे। ये विधायक जैसलमेर के एक होटल में ठहरे हुए थे। आरोप यह भी था कि इस मामले में पुलिस के कुछ अधिकारी भी शामिल हैं। हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कुछ लोगों पर झूठी सूचनाएं फैलाने का आरोप लगाया था।
टैग्स आजतक सचिन पायलट एफआईआर अशोक गहलोत राजस्थान पुलिस लोकेंद्र सिंह शरत कुमार