होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / क्या अब ‘NDTV’ है राहुल कंवल की अगली मंजिल?
क्या अब ‘NDTV’ है राहुल कंवल की अगली मंजिल?
सूत्रों का कहना है कि वह एनडीटीवी समूह में एडिटर-इन-चीफ और सीईओ के रूप में शामिल हो सकते हैं। हालांकि कंपनी की ओर से अभी तक इस बारे में किसी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 10 months ago
टीवी टुडे नेटवर्क (TVTN) में न्यूज डायरेक्टर व बिजनेस टुडे के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर पद से हाल ही में इस्तीफा देने के बाद राहुल कंवल की नई पारी को लेकर तमाम कयास लगाए जा रहे हैं। वहीं, विश्वसनीय सूत्रों की मानें तो वह ‘एनडीटीवी’ (NDTV) समूह में बिजनेस के साथ-साथ एडिटोरियल भूमिका मसलन एडिटर-इन-चीफ और सीईओ के रूप में शामिल हो सकते हैं।
सूत्रों की मानें तो राहुल कंवल यहां अपनी भूमिका में अडाणी लीडरशिप की रणनीतिक देखरेख में काम करेंगे और सीधे संजय पुगलिया को रिपोर्ट करेंगे, जो एएमजी मीडिया नेटवर्क्स (AMG Media Networks) के प्रमुख हैं। इसी नेटवर्क के पास ‘एनडीटीवी’ और ‘आईएएनएस’ का स्वामित्व है। हालांकि कंपनी की ओर से अभी तक इस बारे में किसी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है
बता दें कि पिछले सप्ताह एक इंटरनल मेल के जरिये इंडिया टुडे ग्रुप में राहुल कंवल के इस्तीफे की पुष्टि की गई थी। यह घटनाक्रम शिव अरूर के एनडीटीवी में मैनेजिंग एडिटर के रूप में शामिल होने के बाद सामने आया है। इंडिया टुडे में 18 वर्षों तक अपनी भूमिका निभाने के बाद अरूर ने पिछले दिनों यहां से इस्तीफा देकर ‘एनडीटीवी’ जॉइन किया है।
‘इंडिया टुडे’ ग्रुप की वाइस चेयरपर्सन व एग्जिक्यूटिव एडिटर-इन-चीफ कली पुरी ने एक इंटरनल नोट में कहा था, ‘राहुल हमारी लीडरशिप टीम का अहम हिस्सा रहे हैं। उन्होंने अपनी गहरी राजनीतिक समझ, चुनावी कवरेज और खोजी पत्रकारिता के जरिए टेलीविजन न्यूज को एक नई दिशा दी। एक जुनूनी पत्रकार से लेकर न्यूज डायरेक्टर तक का उनका सफर प्रेरणादायक रहा है और हमारी टीम के लिए एक मिसाल है।‘
नोट में आगे लिखा गया था, ‘राहुल की कहानी इंडिया टुडे ग्रुप की मूल भावना को दर्शाती है—एक ऐसा सफर, जो पूरी तरह योग्यता और मेहनत पर आधारित रहा। बीते 12 वर्षों में हमने साथ मिलकर मजबूत टीमें बनाईं, प्रभावशाली एडिटोरियल प्रॉपर्टी तैयार कीं और देश के हर कोने तक पहुंचे। यह सफर हमारे लिए यादगार रहेगा। परिवर्तन कभी आसान नहीं होता, लेकिन पत्रकारिता का मूल तत्व ही बदलाव है। आज जब AI एक नए युग का द्वार खोल रहा है, यह कंटेंट क्रिएटर्स के लिए रोमांचक मोड़ है।’
राहुल कंवल ने अपने कार्यकाल में इंडिया टुडे ग्रुप की न्यूज गैदरिंग और ऑपरेशंस को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। वह इंडिया टुडे के प्रमुख प्राइमटाइम शो ‘न्यूजट्रैक’ का चेहरा रहे और उनका वीकेंड इंटरव्यू शो ‘जब वी मेट’ भी बेहद लोकप्रिय रहा।
14 सितंबर 1980 को महाराष्ट्र के देवलाली में जन्मे राहुल कंवल ने दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की। वह चिवनिंग स्कॉलर हैं और उन्होंने कार्डिफ यूनिवर्सिटी से इंटरनेशनल ब्रॉडकास्ट जर्नलिज्म का कोर्स किया है। इसके अलावा, उन्हें रोरी पेक ट्रस्ट ग्रांट भी मिला था, जिसके तहत उन्होंने Hostile Environment Journalism की ट्रेनिंग ली।
राहुल कंवल ने पत्रकारिता में एक महत्वपूर्ण योगदान Anti-Fake News War Room (AFWA) की स्थापना के रूप में दिया, जो फेक न्यूज और दुष्प्रचार को रोकने के लिए बनाया गया था। इसके अलावा, उन्होंने Open Source Intelligence Desk (OSINT) की भी नींव रखी, जो डेटा आधारित पत्रकारिता को मजबूती देने का काम करता है। पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए राहुल कंवल को ‘एक्सचेंज4मीडिया न्यूज ब्रॉडकास्टिंग अवॉर्ड्स’ (enba) समेत कई पुरस्कार और सम्मान मिल चुके हैं।
टैग्स