होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / पत्रकार से पुलिस की पूछताछ मामले में प्रेस काउंसिल ने जताई चिंता, लिया ये स्टेप
पत्रकार से पुलिस की पूछताछ मामले में प्रेस काउंसिल ने जताई चिंता, लिया ये स्टेप
‘प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया’ ने दिल्ली पुलिस द्वारा एक अंग्रेजी अखबार के पत्रकार से पूछताछ किए जाने और कथित तौर पर उन पर आपराधिक मुकदमा चलाने की धमकी देने के मामले में चिंता जताई है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
‘प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया’ (PCI) ने दिल्ली पुलिस द्वारा एक अंग्रेजी अखबार के पत्रकार से पूछताछ किए जाने और कथित तौर पर उन पर आपराधिक मुकदमा चलाने की धमकी देने के मामले में चिंता जताई है। इसके साथ ही प्रेस काउंसिल ने दिल्ली पुलिस आयुक्त से इस मामले में रिपोर्ट पेश करने के लिए भी कहा है।
इस बारे में जारी एक बयान में ‘प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया’ का कहना है कि ‘इंडियन एक्सप्रेस’ अखबार के विशेष संवाददाता महेंद्र सिंह मनराल से दिल्ली पुलिस द्वारा नौ मई 2020 को छपी खबर के सिलसिले में पूछताछ करने और आपराधिक अभियोजन की कथित तौर पर धमकी देने को लेकर काउंसिल काफी चिंतित है। पीसीआई ने अपने बयान में यह भी कहा है कि चूंकि यह मामला प्रेस के स्वतंत्रतापूर्वक कार्य को प्रभावित करता है, इसलिए मामले के तथ्यों को लेकर दिल्ली के पुलिस आयुक्त से रिपोर्ट मांगी गई है। इससे पहले संपादकों की संस्था ‘एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया’ ने भी इस मामले में दिल्ली पुलिस की इस तरह की कार्रवाई की निंदा की थी।
एक बयान में गिल्ड का कहना था, ‘दिल्ली पुलिस ने 10 मई को मनराल को ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ के सिटी एडिटर और चीफ रिपोर्टर के माध्यम से नोटिस भेजा था और पुलिस जांच में सहयोग के लिए कहा गया था। रिपोर्टर ने तब्लीगी जमात प्रमुख मौलाना साद की 'ऑडियो क्लिप से छेड़छाड़' की रिपोर्ट प्रकाशित की थी। मनराल को इस मामले में पुलिस ने संबंधित साक्ष्यों के साथ 10 मई को पूछताछ के लिए बुलाया था।‘
गिल्ड का यह भी कहना था कि दिल्ली पुलिस ने मनराल को धमकाया था कि जांच में शामिल नहीं होने पर आईपीसी की धारा 174 के तहत उन्हें कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है जिसमें कैद और जुर्माने का प्रावधान है।’
टैग्स पत्रकार भारतीय प्रेस परिषद इंडियन एक्सप्रेस प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया दिल्ली पुलिस पीसीआई महेंद्र सिंह मनराल