होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / ‘PTI’ ने तय किया 77 साल का सफर, राष्ट्रपति ने की तारीफ, दीं शुभकामनाएं
‘PTI’ ने तय किया 77 साल का सफर, राष्ट्रपति ने की तारीफ, दीं शुभकामनाएं
इस न्यूज एजेंसी की वर्षगांठ के मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पीटीआई के वरिष्ठ संपादकों को राष्ट्रपति भवन में आमंत्रित कर उनसे मुलाकात की।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 1 year ago
देश की जानी-मानी न्यूज एजेंसी ‘प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया’ (PTI) ने 27 अगस्त 2024 को अपनी स्थापना के 77 साल पूरे कर लिए। इस न्यूज एजेंसी की वर्षगांठ के मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पीटीआई के वरिष्ठ संपादकों को राष्ट्रपति भवन में आमंत्रित कर उनसे मुलाकात की।
इस दौरान राष्ट्रपति ने इन संपादकों से कोलकाता दुष्कर्म कांड समेत तमाम समसामयिक मुद्दों पर विस्तार से बातचीत की। इसके साथ ही राष्ट्रपति ने महिलाओं के खिलाफ अपराध पर ‘पीटीआई’ के लिए एक एक्सक्लूसिव आर्टिकल भी लिखा।
यही नहीं, राष्ट्रपति ने ‘पीटीआई’ को उसकी 77वीं वर्षगांठ पर शुभकामनाएं देने के लिए न्यूज एजेंसी को एक पत्र भी लिखा। अंग्रेजी में लिखे अपने इस लेटर में राष्ट्रपति ने लिखा, ‘मुझे यह जानकर खुशी हुई कि प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया लिमिटेड ने अपनी स्थापना के 77 साल पूरे कर लिए हैं। मैं इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए संस्थान के सभी सदस्यों को बधाई देती हूं। चूंकि पीटीआई की स्थापना देश को आजादी मिलने के कुछ ही दिनों बाद हुई थी, यह न्यूज एजेंसी अपनी स्थापना के बाद से ही देश की यात्रा को लिपिबद्ध करने की उल्लेखनीय स्थिति में रही है।’
इसके साथ ही राष्ट्रपति का यह भी कहना था, ‘समाचार पत्रों के प्रयासों से स्थापित प्रमुख न्यूज एजेंसी के रूप में पीटीआई देश की पत्रकारिता के सबसे अपरिहार्य हिस्सों में से एक रही है। इसने समाचार लेखन और रिपोर्टिंग के उच्चतम मानकों को बरकरार रखा है। इसके फलस्वरूप, इसकी काफी विश्वसनीयता है और यह एक प्रेरक मॉडल बनी हुई है। देश में पीटीआई की भूमिका महत्वपूर्ण रही है, क्योंकि निष्पक्ष तरीके से समाचारों का समय पर प्रसार लोकतंत्र के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है। मुझे यकीन है कि पीटीआई उत्कृष्टता का स्तर ऊंचा उठाती रहेगी और आने वाले दशकों तक लोकतंत्र की सेवा करती रहेगी। पीटीआई से जुड़े सभी लोगों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।’
बता दें कि इस एजेंसी की शुरुआत 27 अगस्त 1947 को हुई थी। अंग्रेजी में लिखे प्रेजिडेंट के लेटर को आप यहां पढ़ सकते हैं।
टैग्स पीटीआई प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया न्यूज एजेंसी प्रेजिडेंट स्थापना दिवस द्रौपदी मुर्मू