होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / पाकिस्तान का न्यूज चैनल हुआ हैक, इस संदेश के साथ लगाया भारतीय तिरंगा
पाकिस्तान का न्यूज चैनल हुआ हैक, इस संदेश के साथ लगाया भारतीय तिरंगा
पाकिस्तान के प्रमुख टीवी चैनल ‘डॉन’ पर रविवार को अचानक भारतीय तिरंगा लहराने से लोग अचंभित हो गए
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
पाकिस्तान के प्रमुख टीवी चैनल ‘डॉन’ पर रविवार को अचानक भारतीय तिरंगा लहराने से लोग अचंभित हो गए। बताया जा रहा है कि इस न्यूज चैनल को हैक कर लिया गया था, जिसके बाद चैनल की स्क्रीन पर भारतीय झंडा लहराता रहा। इस घटना का फोटो और विडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
बता दें कि रविवार दोपहर 3.30 बजे जिस समय चैनल को हैक किया गया, उस समय चैनल की स्क्रीन पर एक विज्ञापन चल रहा था, कि तभी टेलिविजन की स्क्रीन पर अचानक भारतीय झंडा लहराने लगा, जिस पर भारत के 74वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाओं वाला मैसेज भी लिखा हुआ था। हालांकि अभी तक यह नहीं बताया जा सका है कि चैनल पर यह विडियो कितने समय तक प्रसारित होता रहा।
वहीं, डॉन टीवी ने मामले की तत्काल जांच के आदेश दे दिए हैं। इस बीच घटना के कई वीडियो और स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो गए हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, 'चैनल हमेशा की तरह प्रसारित हो रहा था, तभी अचानक भारतीय ध्वज और हैप्पी इंडिपेंडेंस डे का लेख स्क्रीन पर चल रहे कॉमर्शियल पर दिखाई दिया और कुछ समय तक वहां रहा और फिर गायब हो गया। हम इसकी जांच कर रहे हैं।'
टैग्स चैनल पाकिस्तान भारत तिरंगा डॉन हैकर