होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / CM योगी के कार्यों की कायल हुई पाक मीडिया, आंकड़े दिखाकर अपनी सरकार को धो डाला
CM योगी के कार्यों की कायल हुई पाक मीडिया, आंकड़े दिखाकर अपनी सरकार को धो डाला
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यों की पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान की मीडिया मुरीद हो गई है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यों की पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान की मीडिया मुरीद हो गई है। कोरोना संकट के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ के उठाए कदमों की तारीफ पाकिस्तान के चर्चित अखबार ‘द डॉन’ के संपादक फहद हुसैन ने की है। उन्होंने पाकिस्तान की इमरान सरकार की तुलना में यूपी सरकार को बेहतर बताया है। साथ ही उन्होंने महाराष्ट्र की तुलना भी की है।
यूपी के मुकाबले पाकिस्तान में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या 10 गुना तो मौतों का आंकड़ा 8 गुना ज्यादा है। इन आंकड़ों को उठाकर पाकिस्तान के प्रमुख अखबार ‘डान’ ने अपनी ही सरकार को घेरा है। ‘डॉन’ के संपादक फहद हुसैन ने यूपी और पाकिस्तान की तुलना करते हुए ट्वीट कर अपने देश में मृत्युदर अधिक होने पर सवाल उठाए हैं।
फहद हुसैन ने एक ग्राफ को ट्वीट करते हुए लिखा- सावधानी से इस ग्राफ को देखें। पाकिस्तान का प्रति किलोमीटर जनसंख्या घनत्व यूपी से कम और जीडीपी प्रति कैपिटा अधिक है। यूपी ने लॉकडाउन का कड़ाई से पालन कराया, जबकि हम (पाकिस्तान) नहीं कर सके। लिहाजा, मृत्यु दर में अंतर सामने है। संपादक ने महाराष्ट्र की तुलना भी की है। साथ ही लिखा है कि यूपी में मृत्यु दर जहां पाकिस्तान से कम है, वहीं महाराष्ट्र में ज्यादा, जबकि वहां युवा आबादी और जीडीपी प्रति कैपिटा अधिक है। हमें यह जानना चाहिए कि उत्तर प्रदेश ने क्या सही फैसले किए और महाराष्ट्र ने क्या गलतियां कीं? उन्होंने बताया कि, पाकिस्तान की आबादी जहां 208 मिलियन (20.80 करोड़) है। वहीं, उत्तर प्रदेश की आबादी 225 मिलियन (22.50 करोड़) है, लेकिन पाकिस्तान के मुकाबले उत्तर प्रदेश में मौतों की दर काफी कम है।
फहद ने ट्वीट में अपनी सरकार व जनता से पूछा है कि पाकिस्तान में संक्रमित मरीजों की इतनी अधिक संख्या में मौतें क्यों हो रही हैं, जबकि यूपी का जनसंख्या घनत्व पाकिस्तान से करीब तीन गुना ज्यादा है। घनी आबादी कोरोना संक्रमण रोकने में बड़ी बाधा है, फिर भी यूपी में संक्रमण और मौतें बेहद कम हैं।
Here's another graphic comparison this time between Pakistan and Indian state of Maharashtra (prepared by an expert). This shows how terribly Maharashtra has performed in relation to Pakistan. Shows the outcome of bad decisions & their deadly consequences #COVIDー19
— Fahd Husain (@Fahdhusain) June 7, 2020
(1/2) pic.twitter.com/6AHenrznIs
गौरतलब है कि यूपी व पाकिस्तान की आबादी लगभग बराबर है, लेकिन कोविड-19 के ग्राफ में भारी अंतर है। उत्तर प्रदेश की आबादी 23.15 करोड़ है। इस लिहाज से इसे देखा जाए तो यहां सिर्फ 0.0045 फीसद संक्रमित हैं। अब तक यूपी में 10536 लोग संक्रमित हो चुके हैं। जबकि, पाकिस्तान में 98943 लोग इस महामारी की जद में आ चुके हैं। इस वायरस से पाकिस्तान में 2002 की मौत हुई है, जबकि, यूपी में अब तक कुल 275 लोग कोरोना वायरस की चपेट में आकर असमय मौत का शिकार हुए हैं।
टैग्स अखबार संपादक उत्तरप्रदेश द डॉन कोरोना संकट पाक मीडिया सीएं योगी फहद हुसैन