होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / वरिष्ठ पत्रकार फे डिसूजा ने आज के दौर की पत्रकारिता को लेकर कही ये बड़ी बात
वरिष्ठ पत्रकार फे डिसूजा ने आज के दौर की पत्रकारिता को लेकर कही ये बड़ी बात
‘वायकॉम18’ के पूर्व सीओओ राज नायक के साथ बातचीत में 'मिरर नाउ' की पूर्व एग्जिक्यूटिव एडिटर ने अपने नए वेंचर को लेकर भी चर्चा की
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
‘वायकॉम18’ (Viacom 18) के पूर्व सीओओ और ‘हाउस ऑफ चीयर’ (House Of Cheer) कंपनी के एमडी व फाउंडर राज नायक द्वारा पिछले दिनों लॉन्च गए टॉक शो ‘Friday’s Live’ में इस बार अंग्रेजी न्यूज चैनल ‘मिरर नाउ’ (Mirror Now) की पूर्व एग्जिक्यूटिव एडिटर फे डिसूजा ने बतौर गेस्ट शिरकत की। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर हुई इस बातचीत (वेबिनार) के दौरान फे डिसूजा ने राज नायक के साथ आज के दौर की पत्रकारिता को प्रभावित करने वाले तमाम मुद्दों पर चर्चा की।
कार्यक्रम में फे डिसूजा का कहना था कि यदि हम वास्तव में ‘असली पत्रकारिता’ जिसका काम लोगों को इंफॉर्म करना है, करना चाहते हैं तो हमें न्यूज चैनल के बिजनेस मॉडल को बदलने की जरूरत है। दर्शक अब उस न्यूज के लिए भुगतान नहीं कर रहे हैं, जो वह देख रहे हैं। यह तो विज्ञापनदाता है जो न्यूज के लिए भुगतान कर रहा है। यही कारण है कि वास्तविक ग्राहक विज्ञापनदाता है और दर्शक एक वस्तु बनकर रह गया है।
डिसूजा का यह भी कहना था कि एडवर्टाइजर्स को पत्रकारिता से कोई मतलब नहीं रहता है और यही कारण है कि वह पत्रकारिता की गुणवत्ता की चिंता नहीं करते हैं, जिसे वह स्पांसर करते हैं। वे ज्यादा टीआरपी के पैसे देते हैं। डिसूजा के अनुसार, ‘न्यूज मीडिया में सबसे बड़ी विज्ञापनदाता सरकार है और सरकार ही वास्तविक कस्टमर है, जिसे सेवा दी जा रही है। ऐसी स्थिति में अब आपका अस्तित्व इस बात पर निर्भर करता है कि आप सरकार को खुश करने में सक्षम हैं अथवा नहीं।’
इसके साथ ही उन्होंने पत्रकारों से अपनी भूमिका और ज्यादा जिम्मेदारी से निभाने की अपील भी की। डिसूजा का कहना था, ‘जब कोई भी पत्रकार ऐसी सामग्री पोस्ट करता है जो समाज को विभाजित करती है तो यह मौलिक रूप से गलत सूचनाओं पर आधारित होती है। इससे लड़ाई, झगड़े और वैमनस्यता उत्पन्न होती है और इसका वास्तविक जीवन पर प्रभाव पड़ता है। एक पत्रकार के रूप में अभी हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी युवाओं को इंफॉर्म करना है। देश में युवाओं की बड़ी संख्या है, जो भविष्य में देश के वोटर्स और संरक्षक हैं। उन्हें जिम्मेदारी से तमाम विषयों पर इंफॉर्म करना हमारी जिम्मेदारी है।’
इसके साथ ही डिसूजा ने अपने नए वेंचर के बारे में भी बात की, जिसकी घोषणा वह जल्द करेंगी। डिसूजा के अनुसार, यह इंफॉर्मेशन पर आधारित होगा न कि ओपिनियन पर। डिसूजा के अनुसार, ‘यह सबस्क्रिप्शन पर आधारित ऑनलाइन प्लेटफॉर्म होगा, जिस पर लोगों को इंफॉर्मेशन पर आधारित न्यूज मिलेंगी। इसके कंटेंट को बहुत ही सामान्य रखने का विचार है, ताकि लोग इस इंफॉर्मेशन का उपभोग (consume) कर सकें और महसूस कर सकें।’
कार्यक्रम का पूरा विडियो आप यहां देख सकते हैं।
टैग्स पत्रकार वायकॉम18 राज नायक फे डिसूजा Faye D’Souza हाउस ऑफ चीयर फ्राइडेज लाइव