होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में 'नेटवर्क18' का कैसा रहा प्रदर्शन, जानिए यहां
वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में 'नेटवर्क18' का कैसा रहा प्रदर्शन, जानिए यहां
वित्त वर्ष 2026 की पहली तिमाही में लगभग 149 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ, वहीं परिचालन से राजस्व 467 करोड़ रुपये रहा, जो वित्त वर्ष 2025 की चौथी तिमाही से 17% कम है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 7 months ago
‘Network18 Media & Investments Ltd’ ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही (Q1 FY26) में 148.85 करोड़ रुपये का समेकित शुद्ध लाभ दर्ज किया है। यह लाभ पिछले वर्ष की समान तिमाही में हुए 195.36 करोड़ रुपये के नुकसान के मुकाबले बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है। इससे पिछली तिमाही (Q4 FY25) में कंपनी को 29.09 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था।
हालांकि लाभ की यह खबर राहत भरी है, लेकिन कंपनी की ऑपरेटिंग आय और कुल राजस्व में तेज गिरावट देखी गई है। चालू तिमाही में संचालन से प्राप्त राजस्व 467.86 करोड़ रुपये रहा, जो पिछली तिमाही (561.32 करोड़ रुपये) की तुलना में 17% कम है। पिछले साल की पहली तिमाही (3,140.92 करोड़ रुपये) की तुलना में यह 85.1% की गिरावट है।
कुल आय की बात करें तो Q1 FY26 में यह 478.01 करोड़ रुपये रही, जो पिछली तिमाही के 564.57 करोड़ रुपये और पिछले वर्ष की समान तिमाही के 3,292.10 करोड़ रुपये से क्रमशः 15.3% कम तिमाही-दर-तिमाही और 85.5% कम वर्ष-दर-वर्ष रही। अन्य आय (Other income) 10.15 करोड़ रुपये रही, जो पिछली तिमाही के 3.25 करोड़ रुपये से अधिक है, लेकिन पिछले साल की समान तिमाही में यह 151.18 करोड़ रुपये थी।
कंपनी के अनुसार, इस तिमाही में सालाना आधार पर राजस्व में गिरावट का एक बड़ा कारण यह रहा कि पिछले साल की समान तिमाही में चुनाव से जुड़े विज्ञापन राजस्व का अच्छा योगदान था। इसके अलावा, इस बार तिमाही में विज्ञापन माहौल कमजोर रहा, खासकर उपभोक्ता मांग सुस्त रहने और तिमाही में खेल-केंद्रित कंटेंट अधिक होने के कारण। इसके साथ कंपनी का यह भी कहना है कि टीवी न्यूज़ इंडस्ट्री में विज्ञापन इन्वेंटरी की खपत में 20% से अधिक की गिरावट दर्ज की गई, जो इस क्षेत्र की मौजूदा चुनौतियों को उजागर करती है।
हालांकि, कंपनी का कहना है कि कमजोर विज्ञापन माहौल और उच्च तुलना आधार (High Base) के बावजूद नेटवर्क18 ने मजबूत संचालनात्मक स्थिति के चलते स्थिर प्रदर्शन किया है। कंपनी ने बताया कि ऑपरेटिंग राजस्व में केवल 5% की गिरावट आई है, और यदि Q1 FY24 (जिसमें कोई चुनावी राजस्व नहीं था) से तुलना करें तो राजस्व 9% अधिक है।
कमजोर राजस्व स्थिति को देखते हुए कंपनी ने खर्चों पर सख्त नियंत्रण बनाए रखा, जिससे ऑपरेटिंग लागत में 5% की सालाना गिरावट आई है। इस बारे में ‘नेटवर्क18’ के चेयरमैन आदिल ज़ैनुलभाई का कहना है, ‘यह एक और तिमाही रही जिसमें हमने संचालन के स्तर पर मजबूती दिखाई, हालांकि व्यापक आर्थिक दबावों के चलते यह वित्तीय प्रदर्शन में पूरी तरह परिलक्षित नहीं हो पाया। बीते कुछ तिमाहियों में संचालन से जुड़े मापदंडों पर हमारी निरंतर प्रगति हमारी रणनीतिक सोच और उसके क्रियान्वयन का प्रमाण है। हमारे नए प्रोडक्ट लॉन्च इस बात को दर्शाते हैं कि हम व्यवसाय को विविध बनाने और विकास के नए रास्ते तलाशने के प्रति प्रतिबद्ध हैं।’
टैग्स