होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / न्यूज ब्रॉडकास्टर्स फेडरेशन ने BARC को लिखा लेटर, की ये गुजारिश
न्यूज ब्रॉडकास्टर्स फेडरेशन ने BARC को लिखा लेटर, की ये गुजारिश
‘एनबीएफ’ के महासचिव के कार्यालय से जारी इस लेटर को सूचना प्रसारण मंत्रालय के सचिव, ट्राई (TRAI) के चेयरपर्सन और सचिव को भी भेजा गया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
‘न्यूज ब्रॉडकास्टर्स फेडरेशन’ (News Broadcasters Federation) ने ‘ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल’ (BARC) से गुजारिश की है कि टीआरपी से छेड़छाड़ मामले में जिन चैनल्स की निगरानी चल रही है अथवा जिनके खिलाफ जांच चल रही है, उनके नाम सार्वजनिक किए जाएं।
इस बारे में ‘एनबीएफ’ ने सोमवार को ‘बार्क’ को एक पत्र लिखा है। इस पत्र में ‘एनबीएफ’ का कहना है, ‘हमारे सदस्य चैनल रिपब्लिक मीडिया नेटवर्क के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ चल रही जांच, उनकी गिरफ्तारी और रिमांड को देखते हुए यह गुजारिश काफी मायने रखती है। पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी इंडस्ट्री निकाय के रूप में बार्क की अनुशासनात्मक समिति की प्रभावशीलता को रेखांकित करती है।’
इस लेटर के अनुसार, ‘चूंकि बार्क ही एकमात्र ऑडियंस मीजरमेंट बॉडी है, इसलिए उसे गलत सूचनाओं और आधारहीन खबरों को फैलने से रोकना चाहिए, क्योंकि इससे इंडस्ट्री की प्रतिष्ठा को काफी नुकसान हो रहा है। इस मामले में बार्क को अपनी चुप्पी तोड़नी चाहिए।’
‘एनबीएफ’ का कहना है,‘ जांच के तहत खास चैनल्स का नाम लिए बिना बार्क द्वारा रेटिंग को रोकने के निर्णय से न्यूज चैनल्स की विश्वसनीयता बुरी तरह प्रभावित हुई है। इससे रेवेन्यू के साथ-साथ न्यूज चैनल्स की नकदी के प्रवाह (cash flows) पर भी गंभीर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है, जो कोविड-19 के कारण पहले ही इससे जूझ रहे हैं। कुछ लोगों के खिलाफ आरोपों ने पूरी न्यूज ब्रॉडकास्टिंग इंडस्ट्री को खतरे में डाल दिया है, जिससे इसके अस्तित्व को खतरा है।’
‘एनबीएफ’ के महासचिव के कार्यालय से जारी इस लेटर को सूचना प्रसारण मंत्रालय के सचिव, ट्राई (TRAI) के चेयरपर्सन और सचिव को भी भेजा गया है।
टैग्स रेटिंग्स टीआरपी बार्क ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल न्यूज ब्रॉडकास्टर्स फेडरेशन एनबीएफ रिपब्लिक