होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / जानें, मंत्री की मीडिया कवरेज पर क्यों लगा सात दिन का प्रतिबंध
जानें, मंत्री की मीडिया कवरेज पर क्यों लगा सात दिन का प्रतिबंध
एनपीसी ने सभी संवाददाताओं, वीडियो और फोटो पत्रकारों से प्रतिबंध का पालन करने की अपील की है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
कैंसर पीड़ित पत्रकार के लिए कथित तौर पर ‘अपमानजनक’ भाषा का इस्तेमाल करना पाकिस्तान के रेल मंत्री शेख राशिद अहमद को भारी पड़ गया। पाकिस्तान के नेशनल प्रेस क्लब (एनपीसी) ने अपने परिसरों में अहमद के प्रवेश और उनकी मीडिया कवरेज पर सात दिनों के लिए प्रतिबंध लगा दिया है।
प्रेस क्लब की तरफ से जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि एनपीसी अध्यक्ष शकील करार के जियो टीवी के विडियो पत्रकार नासिर से मिलने के बाद यह फैसला लिया गया है। नासिर कैंसर से पीड़ित हैं और रावलपिंडी स्थित बेनजीर भुट्टो अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
विज्ञप्ति के अनुसार, नासिर ने करार को बताया कि राशिद ने हाल ही में अस्पताल का दौरा किया था। उस दौरान एक स्थानीय पत्रकार ने राशिद का ध्यान नासिर की बीमारी की तरफ दिलाया। इस पर रेल मंत्री ने नासिर के लिए अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया, जिससे उसकी भावनाएं बहुत आहत हुईं।
इसके बाद मंगलवार को एनपीसी ने रावलपिंडी और इस्लामाबाद में राशिद के कवरेज और एनपीसी के परिसरों में उनके प्रवेश पर एक सप्ताह का प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया। एनपीसी ने सभी संवाददाताओं, वीडियो और फोटो पत्रकारों से प्रतिबंध का पालन करने की अपील करने के साथ देश के सभी प्रेस क्लबों से सात दिनों के लिए राशिद के प्रवेश पर प्रतिबंध को लागू करने का अनुरोध किया है।
आप अपनी राय, सुझाव और खबरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। (हमें फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन और यूट्यूब पर फॉलो करें)
टैग्स शेख राशिद अहमद रेलमंत्री मीडिया कवरेज पर प्रतिबंध नेशनल प्रेस क्लब एनपीसी