होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / TV शो के खिलाफ इस तरह की शिकायत पर सूचना प्रसारण मंत्रालय ने ZEE को भेजा नोटिस
TV शो के खिलाफ इस तरह की शिकायत पर सूचना प्रसारण मंत्रालय ने ZEE को भेजा नोटिस
ZEEL के मैनेजिंग डायरेक्टर के नाम भेजे गए इस नोटिस में मंत्रालय ने दर्ज शिकायत पर सात दिनों के भीतर जवाब देने के लिए कहा है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
‘सूचना प्रसारण मंत्रालय’ (MIB) ने ‘जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड‘ (ZEEL) को एक नोटिस जारी किया है। मंत्रालय ने ZEEL को यह नोटिस उसके तमिल जनरल एंटरटेनमेंट चैनल ‘जी तमिल’ (Zee Tamil) के खिलाफ एक रियलिटी शो ‘जूनियर सुपर स्टार सीजन 4’ (Junior Super Star Season 4) के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के लिए दायर एक शिकायत के आधार पर जारी किया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोप है कि इस शो में दो बच्चों ने कथित तौर पर नोटबंदी पर व्यंग्य करते हुए प्रधानमंत्री मोदी और उनके कपड़ों का मजाक उड़ाया था। ZEEL के मैनेजिंग डायरेक्टर के नाम भेजे गए इस नोटिस में मंत्रालय ने शो के खिलाफ दर्ज शिकायत पर सात दिनों के भीतर जवाब देने के लिए कहा है। इस नोटिस में मंत्रालय का कहना है कि सात दिनों के भीतर जवाब न मिलने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी। इस मामले में तमिलनाडु बीजेपी के आईटी और सोशल मीडिया सेल के प्रदेश अध्यक्ष सीटीआर निर्मल कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी।
अपनी शिकायत में कुमार का आरोप है कि 15 जनवरी को प्रसारित एक शो में दो बाल कलाकारों ने पीएम मोदी पर अप्रत्यक्ष रूप से कटाक्ष किया था। कुमार ने शो के खिलाफ शिकायत करने के लिए ZEEL के चीफ क्लस्टर ऑफिसर (Linear & OTT) सिजू प्रभाकरण (Siju Prabhakaran) को भी एक लेटर लिखा था। इस लेटर में कुमार ने आरोप लगाया कि लगभग 10 साल की उम्र के बच्चों को जानबूझकर पीएम के खिलाफ टिप्पणी करने के लिए कहा गया।
इस लेटर में कुमार का कहना था, ‘शो में नोटबंदी, विभिन्न देशों की उनकी राजनयिक यात्रा, पीएम की पोशाक और विनिवेश के बारे में तीखी टिप्पणी की गई। दस साल से कम उम्र के बच्चे के लिए यह समझना भी नामुमकिन होता कि इनका असल में क्या मतलब होता है। लेकिन, कॉमेडी के नाम पर इन विषयों को बच्चों में जबरदस्ती थोप दिया गया।’
कुमार का यह भी कहना था, ‘यह स्पष्ट है कि चैनल ने इस गलत सूचना को रोकने के लिए कोई प्रयास नहीं किया। अपने साथी प्रतिभागियों को पछाड़ने के प्रयास में ये बच्चे वही करते हैं जो उन्हें बताया जाता है। जो कहा जा रहा था, वह उनकी समझ से परे है और इन नाबालिगों के अभिभावकों और चैनल को इस कृत्य के लिए कानूनी और नैतिक रूप से जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।’
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही सूचना व प्रसारण मंत्रालय की ओर से दिए गए नोटिस की कॉपी आप यहां देख सकते हैं।
टैग्स सूचना प्रसारण मंत्रालय पुनीत गोयनका नरेंद्र मोदी पीएम मोदी एमआईबी जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड जी तमिल