होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / सरकार ने चैनल्स के खिलाफ कार्रवाई का दिया ब्योरा, अभिव्यक्ति की आजादी को लेकर कही ये बात
सरकार ने चैनल्स के खिलाफ कार्रवाई का दिया ब्योरा, अभिव्यक्ति की आजादी को लेकर कही ये बात
राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान सवालों का जवाब दे रहे थे सूचना एवं प्रसारण राज्यमंत्री एल मुरुगन
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
‘सूचना प्रसारण मंत्रालय’ (MIB) ने देश की सुरक्षा और अखंडता का हवाला देते हुए 160 टीवी चैनल्स के खिलाफ कार्रवाई की है और 60 यूट्यूब चैनल्स, फेसबुक और ट्विटर पेजों को ब्लॉक किया है।राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान सूचना एवं प्रसारण राज्यमंत्री एल. मुरुगन का कहना था, ‘हम आपको अवगत कराना चाहते हैं कि हमने 160 टीवी चैनल्स के खिलाफ मामले शुरू किए हैं।’
विपक्षी सांसद द्वारा यह कहे जाने पर कि सूचना प्रसारण मंत्रालय वाक एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाने के लिए कानून का दुरुपयोग कर रहा है, एल. मुरुगन ने अपने जवाब में कहा कि सरकार वाक एवं अभिव्यक्ति की आजादी को लेकर गंभीर है।
वहीं, ‘मीडियावन’ (MediaOne) चैनल के खिलाफ की गई कार्रवाई के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में मुरुगन ने कहा, ‘हम मीडियावन के खिलाफ कुछ भी नहीं कर रहे हैं। गृह मंत्रालय द्वारा सुरक्षा जांच (security clearance) के बाद चैनल्स को अनुमति दी जाती है/दी जा रही है, मीडियावन का मामला भी उसी के तहत विचाराधीन है।’
बता दें कि राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देते हुए सूचना प्रसारण मंत्रालय की ओर से मलयालम न्यूज चैनल ‘मीडियावन’ का लाइसेंस रद कर दिया गया है। हालांकि केरल हाई कोर्ट ने चैनल का लाइसेंस रद करने पर अंतरिम रोक लगाने का आदेश दिया है। हाई कोर्ट ने गृह मंत्रालय से लाइसेंस रद करने की सिफारिश करने वाली फाइलें पेश करने को भी कहा है।
इसके साथ ही मुरुगन ने राज्यसभा में यह भी बताया, ‘दो महीने के भीतर हमारी सरकार ने ऐसे चैनल्स के खिलाफ कार्रवाई शुरू की, जिनका कंटेंट देश की अखंडता और सुरक्षा के खिलाफ था। हम इसे बर्दाश्त नहीं कर सकते। हमने यूट्यूब, फेसबुक और ट्विटर अकाउंट सहित 60 चैनल्स को ब्लॉक किया है, क्योंकि उन्होंने देश की शांति और सुरक्षा को भंग कर दिया था। हम वाक एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर चिंतित हैं।’
टैग्स सूचना प्रसारण मंत्रालय न्यूज चैनल राज्यसभा बैन प्रतिबंध एमआईबी मीडियावन एल मुरुगन