होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / MRUCI के चेयरमैन बने शशि सिन्हा, जागरण प्रकाशन के शैलेश गुप्ता को मिला ये पद
MRUCI के चेयरमैन बने शशि सिन्हा, जागरण प्रकाशन के शैलेश गुप्ता को मिला ये पद
मीडिया रिसर्च यूजर्स काउंसिल इंडिया (MRUCI) के चेयरमैन भारत में आईपीजी मीडियाब्रैंड्स (IPG Mediabrands) के सीईओ शशि सिन्हा होंगे।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
मीडिया रिसर्च यूजर्स काउंसिल इंडिया (MRUCI) ने गुरुवार, 2 सितंबर, 2021 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अपनी 27वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) आयोजित की, जो महामारी के चलते प्रत्येक सदस्य की सुरक्षा व स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आयोजित की गई थी।
इस बैठक में घोषणा की गई कि मीडिया रिसर्च यूजर्स काउंसिल इंडिया (MRUCI) के चेयरमैन भारत में आईपीजी मीडियाब्रैंड्स (IPG Mediabrands) के सीईओ शशि सिन्हा होंगे। वहीं, जागरण प्रकाशन के डायरेक्टर शैलेश गुप्ता को वाइस चैयरमैन बनाया गया है। MRUCI की 27वीं वार्षिक आम बैठक के तुरंत बाद आयोजित की गई बोर्ड मीटिंग में सर्वसम्मति से यह घोषणा की गई।
शशि सिन्हा ने साकाल मीडिया के चेयरमैन प्रताप पवार से यह पदभार ग्रहण किया, जो लगातार दो बार यानी 2019-20 और 2020-21 तक MRUCI के चेयरमैन के पद पर रहे।
शशि सिन्हा को अपना पदभार सौंपते हुए पवार ने कहा, ‘हमने वैश्विक महामारी के कारण कुछ चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना किया, लेकिन मुझे खुशी है कि हम जल्द ही सामान्य स्थिति में लौट रहे हैं। मीडिया रिसर्च यूजर्स काउंसिल (MRUC) से मीडिया रिसर्च यूजर्स काउंसिल इंडिया (MRUCI) के नाम में बदलाव और IRS प्रश्नावली के संशोधन के साथ, हम न केवल अपने राष्ट्रीय कद और प्रतिनिधित्व को बढ़ावा देंगे, बल्कि तेजी से विकसित हो रही जरूरतों और अपने हितधारकों की अपेक्षाएं को भी सफलतापूर्वक पूरा करेंगे। मैं अपने सभी बोर्ड सदस्यों और हितधारकों को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देता हूं और शशि सिन्हा व बोर्ड के सभी नए सदस्यों को शुभकामनाएं देता हूं।’
शशि सिन्हा ने अपने धन्यवाद प्रस्ताव में कहा, ‘मैं मिस्टर पवार को विशेष तौर पर ऐसे अभूतपूर्व समय में उनके निस्वार्थ नेतृत्व और बहुमूल्य मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद देता हूं। एमआरयूसीआई ने उद्योग को एक विश्वसनीय, मजबूत और सही डेटा प्रदान करने में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इंडस्ट्री को एमआरयूसीआई से अब पहले से कहीं ज्यादा उम्मीदें हैं। जैसे-जैसे देश में परिस्थितियां सामान्य होंगी, जमीनी हकीकत को ध्यान में रखते हुए हमारी प्राथमिकता जल्द से जल्द आईआरएस फील्डवर्क शुरू करने की होगी।
जिन नए सदस्यों को बोर्ड ऑफ गवर्नर्स में नियुक्त किया गया है, उनमें शामिल हैं:
प्रताप पवार, चेयरमैन, सकल मीडिया ग्रुप
ध्रुबा मुखर्जी, सीईओ, एबीपी प्राइवेट लिमिटेड
जयंत मैमन मैथ्यू, एग्जिक्यूटिव एडिटर व डायरेक्टर, एमएम प्रकाशन
शशि सिन्हा एडवरटाइजिंग स्टैंडर्ड काउंसिल ऑफ इंडिया (ASCI), एडवरटाइजिंग एजेंसीज एसोसिएशन ऑफ इंडिया (AAAI), ऑडिट ब्यूरो ऑफ सर्कुलेशन (ABC), द एड क्लब, ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल इंडिया (BARC) जैसे विभिन्न उद्योग निकायों में सक्रिय रूप से शामिल रहे हैं। वह आईआईटी कानपुर और आईआईएम बेंगलुरू के पूर्व छात्र हैं। उन्हें 30 वर्षों से भी ज्यादा का अनुभव है।
वहीं, शैलेश गुप्ता, जागरण प्रकाशन के डायरेक्टर हैं। पिछले 25 वर्षों में शैलेश ने जागरण की मार्केटिंग स्ट्रैटजी को एक नया आयाम दिया है। उन्होंने प्रमुख उद्योग निकायों में कई महत्वपूर्ण पदों पर योगदान दिया है। उन्हें वर्ष 2004-05 में ऑडिट ब्यूरो ऑफ सर्कुलेशन की मैनेजिंग कमेटी के सदस्य थे। तब वे सबसे कम उम्र के सदस्य थे। वह 2012-13 में एबीसी के चेयरमैन और 2019-20 के दौरान आईएनएस के चेयरमैन भी रहे।
टैग्स जागरण प्रकाशन शशि सिन्हा मीडिया रिसर्च यूजर्स काउंसिल इंडिया शैलेश गुप्ता