होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / पत्रकारों के खिलाफ बढ़ते आपराधिक मामलों पर एडिटर्स गिल्ड ने जताई चिंता, कही ये बात
पत्रकारों के खिलाफ बढ़ते आपराधिक मामलों पर एडिटर्स गिल्ड ने जताई चिंता, कही ये बात
संपादकों की संस्था ‘एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया’ ने इस मामले में एक बयान भी जारी किया है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
संपादकों की संस्था ‘एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया’ (Editors Guild Of India) ने देश के विभिन्न हिस्सों में पत्रकारों को डराने के लिए आपराधिक कानूनों के दुरुपयोग के बढ़ते मामलों पर चिंता जताई है।
एडिटर्स गिल्ड द्वारा बुधवार को जारी किए गए बयान में गुजरात के न्यूज पोर्टल ‘फेस ऑफ नेशन’ (Face of Nation) के संपादक धवल पटेल को राजद्रोह के तहत 11 मई को हिरासत में लिए जाने को और ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ (The Indian Express) के विशेष संवाददाता महेंद्र सिंह मनराल को दिल्ली पुलिस द्वारा 10 मई को भेजे गए नोटिस का जिक्र किया गया है।
अपने बयान में गिल्ड ने कहा है कि गुजरात और दिल्ली में पुलिस की कार्रवाई के ये उदाहरण काफी परेशान करने वाले हैं। गिल्ड का यह भी कहना है कि सरकार और पुलिस को यह समझना चाहिए कि मीडिया किसी भी लोकतंत्र में शासन संरचना का एक अभिन्न अंग है। गिल्ड ने इन कदमों की निंदा करते हुए केंद्र और राज्य सरकारों को कहा कि प्रेस को डराने के लिए कानून का गलत इस्तेमाल न करें।
बता दें कि गुजरात में 'फेस ऑफ नेशन' (Face of Nation) न्यूज पोर्टल के एडिटर धवल पटेल के खिलाफ 11 मई को राजद्रोह का मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया गया है। धवल पटेल ने राज्य में कोरोना वायरस के बढ़ते मामले पर रिपोर्ट करते हुए गुजरात में नेतृत्व परिवर्तन की संभावना जताई थी।
दूसरे मामले में दिल्ली पुलिस ने 10 मई को मनराल को ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ के सिटी एडिटर और चीफ रिपोर्टर के माध्यम से नोटिस भेजा था और पुलिस जांच में सहयोग के लिए कहा गया था। रिपोर्टर ने तब्लीगी जमात प्रमुख मौलाना साद की 'ऑडियो क्लिप से छेड़छाड़' की रिपोर्ट प्रकाशित की थी। मनराल को इस मामले में पुलिस ने संबंधित साक्ष्यों के साथ 10 मई को पूछताछ के लिए बुलाया था।
टैग्स एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया धवल पटेल फेस ऑफ नेशन