होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / विदेशी मीडिया में कुछ यूं छाया 'जनता कर्फ्यू'
विदेशी मीडिया में कुछ यूं छाया 'जनता कर्फ्यू'
जनता कर्फ्यू का जिक्र विदेशी मीडिया में भी देखने को मिला। किसी ने लिखा मोदी की अपील पर शहर वीरान हो गए, तो किसी ने लिखा मोदी की अपील ने सड़कों से भीड़ गायब कर दी।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
कोरोना वायरस को बढ़ने से रोकने और संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए रविवार को पूरे देश में 'जनता कर्फ्यू' लागू किया गया। प्रधानमंत्री की अपील पर देशभर में जनता कर्फ्यू का असर देखने को मिला। 22 मार्च को सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक लोगो ने घरों से न निकल कर जनता कर्फ्यू में हिस्सा लिया और इसे सफल बनाया। कोरोना वायरस से लड़ रहे लोगों के समर्थन में जनता ने ठीक शाम 5 बजे तालियां, थालियां और शंख बजाए। जनता कर्फ्यू का जिक्र विदेशी मीडिया में भी देखने को मिला। किसी ने लिखा मोदी की अपील पर शहर वीरान हो गए, तो किसी ने लिखा मोदी की अपील ने सड़कों से भीड़ गायब कर दी। आइए आपको बताते हैं कि किस विदेशी मीडिया ने जनता कर्फ्यू को लेकर क्या लिखा-
बीबीसी- लंदन स्थित इस मीडिया हाउस ने लिखा कि भारत में एक अरब से ज्यादा लोगों ने रविवार को 14 घंटे के लिए जनता कर्फ्यू का पालन किया। पीएम मोदी की एक अपील पर कोरोना वायरस से लड़ने में सभी लोगों ने सहयोग किया। पीएम ने जनता कर्फ्यू के जरिए कोरोनावायरस से लड़ाई में मदद मिलने की बात कही थी।
अल-जजीरा- जनता कर्फ्यू के दिन देशभर के शहर सुनसान हो गए, क्योंकि लगभग 1.3 अरब की जनसंख्या वाले इस देश ने कोरोनावायरस के प्रसार को रोकने के लिए राष्ट्रव्यापी कर्फ्यू लगा दिया। देश की जनता प्रधानमंत्री की अपील का समर्थन करते हुए सड़कों पर नहीं निकली। नई दिल्ली, मुंबई और कोलकाता जैसे महानगरों में सड़कें खाली हो गई।
द डॉन- प्रधानमंत्री मोदी की अपील पर लाखों भारतीय घरों के अंदर रही। जनता कर्फ्यू स्वैच्छिक था और लोगों के बाहर आने पर प्रतिबंध नहीं था लेकिन मोदी की अपील ने यहां सड़कों से भीड़ गायब कर दी।
रशिया टुडे- इस रूसी मीडिया संस्था ने लिखा कि कोरोना के प्रति जागरुकता लाने और हालात से निपटने के लिए 14 घंटे का स्वैच्छिक कर्फ्यू लगाया गया। कर्फ्यू में लोगों की सोशल आइसोलेशन और क्वारंटीन में रहने की तैयारी को भी परखा गया। इसके अतिरिक्त पीएम मोदी के उस बयान को भी प्रकाशित किया गया, जिसमें उन्होंने देशवासियों से इस कर्फ्यू का हिस्सा बनने की अपील की थी।
द गार्जियन- ब्रिटेन के इस अखबार ने लिखा कि प्रधानमंत्री की अपील पर 1.3 अरब की जनसंख्या ने पूरा समर्थन दिखाया और कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए घरों से बाहर ही नहीं निकली। कर्फ्यू के बाद कई राज्यों ने लंबे समय के लिए लॉकडाउन का ऐलान कर दिया है। ट्रेने बंद कर दी गई हैं, जिसमें हर दिन 2.3 करोड़ लोग यात्रा करते हैं। शाम को लोगों ने बालकनी पर ताली बजाकर स्वास्थ्य कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
यूनाइटेड नेशन- जनता कर्फ्यू को लेकर यूनाइटेड नेशन ने ट्वीट किया। यूनाइटेड नेशन ने ट्वीट कर लिखा कि देश की 1.2 अरब जनसंख्या ने अपने साइलेंट हीरो के प्रति आभार प्रकट किया। हम उन कोरोनावारियर्स को सलाम करते हैं , जो इस महामारी और देश के बीच में मजबूती से खड़े हैं।
Today, the ?? stands in solidarity with ??'s 1.2 billion citizens to pay homage to the silent heroes of the nation. We salute the #coronawarriors who stand firmly between the country and the #COVID19 pandemic - working tirelessly to serve others #JantaCurfew #IndiaFightsCorona pic.twitter.com/EaFw6xU3ZS
— United Nations India (@UNinIndia) March 22, 2020
टैग्स मीडिया द गार्जियन यूनाइटेड नेशन अल-जजीरा रशिया टुडे द डॉन जनता कर्फ्यू