होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / भूपेंद्र चौबे: निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता का उत्कृष्ट उदाहरण हैं आप
भूपेंद्र चौबे: निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता का उत्कृष्ट उदाहरण हैं आप
पिछले दो दशकों से भी अधिक समय में उन्होंने तमाम बड़ी स्टोरीज को दर्शकों के सामने रखा है और एक निष्पक्ष व खरी-खरी कहने वाले प्राइम टाइम एंकर के रूप में अपनी पहचान बनाई है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
‘एक्सचेंज4मीडिया’ द्वारा शुरू की गई सीरीज ‘हेडलाइन मेकर्स’ (HEADLINE MAKERS) के तहत आज हम वरिष्ठ पत्रकार और जाने-माने न्यूज एंकर भूपेंद्र चौबे के बारे में बात करने जा रहे हैं।
पत्रकारिता जगत में भूपेंद्र चौबे के सफर की बात करें तो उन्होंने एक रिपोर्टर के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की थी और अपनी मेहनत व काबिलियत के दम पर एक न्यूज चैनल के प्रमोटर तक का सफर तय किया।
भूपेंद्र चौबे ने पत्रकारिता में अपना करियर सितंबर 1999 में ‘एनडीटीवी’ (NDTV) में बतौर रिपोर्टर शुरू किया। वर्ष 2005 में उन्होंने यहां अपनी पारी को विराम दे दिया और ‘सीएनएन आईबीएन’ (CNN IBN) की टीम में शामिल हो गए। ‘सीएनएन News18’ (पूर्व में ‘सीएनएन आईबीएन’) में अपनी करीब 15 साल लंबी पारी के दौरान अपनी प्रतिभा के दम पर वह यहां एग्जिक्यूटिव एडिटर के पद तक पहुंच गए।
पिछले दो दशकों से भी अधिक समय में उन्होंने तमाम बड़ी स्टोरीज को दर्शकों के सामने रखा है और एक निष्पक्ष व खरी-खरी कहने वाले प्राइम टाइम एंकर के रूप में अपनी पहचान बनाई है। पिछले डेढ़ दशक में वह तमाम प्रमुख राजनेताओं समेत कई जानी-मानी शख्सियतों का इंटरव्यू कर चुके हैं।
एक पॉलिटिकल जर्नलिस्ट के रूप में अपने अब तक के करियर में भूपेंद्र चौबे ने देश भर में यात्राएं की हैं और तीन आम चुनावों समेत तमाम राज्यों के विधानसभा चुनावों को कवर किया है। गणित में स्नातक और फिल्म्स में पोस्टग्रेजुएट भूपेंद्र चौबे में चीजों को बारीकी स्तर पर समझने और फिर उन्हें विस्तारपूर्वक प्रस्तुत करने की अद्वितीय क्षमता है। प्राइम टाइम न्यूज टीवी का चेहरा होने के अलावा उन्होंने विभिन्न अंग्रेजी और हिंदी समाचार पत्रों, पत्रिकाओं और डिजिटल प्लेटफार्म्स के लिए कॉलम लिखे हैं।
जुलाई 2020 में भूपेंद्र चौबे ने ‘इंडिया अहेड’ (India Ahead) चैनल जॉइन कर लिया था। ‘आंध्र प्रभा मीडिया’ (Andhra Prabha Media) ग्रुप द्वारा प्रमोटेड यह चैनल जून 2018 में लॉन्च हुआ था। यहां के बाद अब भूपेंद्र चौबे ने देश के जाने-माने पत्रकारों के नेतृत्व वाले लोकप्रिय व पुरस्कार विजेता पॉडकास्टिंग प्लेटफॉर्म ‘इयरशॉट डिजिमीडिया’ (Earshot Digimedia) के साथ भारतीय और वैश्विक दर्शकों के लिए कुछ आकर्षक नए फॉर्मेट वाले वोडकास्ट और पॉडकास्ट कंटेंट आईपी (vodcast and podcast content IPs) तैयार करने के लिए हाथ मिलाया है।
अपने नए वेंचर के बारे में भूपेंद्र चौबे का कहना है, ‘इयरशॉट डिजिमीडिया’ के साथ हाथ मिलाकर मैं काफी उत्साहित हूं। अगले साल होने वाले चुनाव और इस साल जी20 को देखते हुए विश्वसनीय और सूचनात्मक कंटेंट तैयार करने की दिशा में मीडिया में काफी स्कोप है। हमारा मानना है कि टॉप मीडिया टेक्नोलॉजी द्वारा समर्थित उच्च मूल्य और प्रभावशाली वोडकास्ट के द्वारा हम भारत के बारे में ज्यादा से ज्यादा जानकारी के इच्छुक दुनियाभर के दर्शकों (world-wide audience) की जरूरतों को पूरा कर सकते हैं। हमारा इरादा मीडिया क्रांति की अगली लहर का नेतृत्व करना है।’
गौरतलब है कि न्यूजरूम में इन दिनों तमाम बड़े-बड़े फेरबदल हो रहे हैं। इन बदलावों के बीच अक्सर हेडलाइन बनाने वाले ही खुद हेडलाइन बन जाते हैं। ऐसे में हमने ‘हेडलाइन मेकर्स’ (HEADLINE MAKERS) के नाम से एक नई सीरीज शुरू की है। इस सीरीज में हम न्यूज रूम के ऐसे ‘सुपरस्टार्स’, के बारे में बताएंगे, जिन्होंने न सिर्फ शीर्ष पर अपनी जगह बनाई है बल्कि दर्शकों के बीच भी अपनी गहरी छाप छोड़ी है और इन दिनों सुर्खियां बने हुए हैं। इसके साथ ही इस सीरीज के तहत हम यह भी बताएंगे कि किस तरह ये ‘हेडलाइन मेकर्स’ अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर यहां तक पहुंचे हैं, जहां तक पहुंचने का सपना तमाम लोग देखते हैं, लेकिन बहुत कम लोग ही इस मुकाम तक पहुंच पाते हैं।
टैग्स भूपेंद्र चौबे पत्रकारिता एनडीटीवी इंडिया अहेड जर्नलिज्म पॉडकास्ट इयरशॉट इयरशॉट डिजिमीडिया हेडलाइन मेकर्स