होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / ओलंपिक खेलों की कवरेज के दौरान पत्रकारों को करना पड़ेगा कड़े नियमों का पालन
ओलंपिक खेलों की कवरेज के दौरान पत्रकारों को करना पड़ेगा कड़े नियमों का पालन
जापान की राजधानी टोक्यो में 23 जुलाई से ओलंपिक खेलों का आयोजन होने जा रहा है। लेकिन इस बार प्रोटोकॉल बेहद ही कड़े कर दिए गए हैं
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
जापान की राजधानी टोक्यो में 23 जुलाई से ओलंपिक खेलों का आयोजन होने जा रहा है। लेकिन इस बार प्रोटोकॉल बेहद ही कड़े कर दिए गए हैं और इसकी वजह है कि जापान में पिछले कुछ दिनों में कोरोना के रिकॉर्ड मामले सामने आए हैं। लिहाजा इसी वजह से विदेशो से आए सैकड़ों पत्रकारों को अपने 14 दिन के प्रवास के दौरान कोविड-19 से जुड़े कड़े प्रतिबंधों से जूझना होगा।
पत्रकारों को केवल अपने होटल और ओलंपिक स्थलों (Tokyo Games) तक ही जाने की अनुमति दी गई है। इसके अतिरिक्त उन्हें कई चीजों का पालन करना होगा, जिसमें प्रत्येक दिन परीक्षण और अपने फोन की लोकेशन साझा करना शामिल है।
इस बार ओलंपिक खेलों का आयोजन मैदान पर बिना दर्शकों के होने जा रहा है, जिसकी वजह से पहले जैसा जोशो खरोश और उत्सव का माहौल देखने को नहीं मिलेगा और पत्रकार भी खेलों से इतर की कम रिपोर्ट ही दे पाएंगे। विदेशी पत्रकारों को टोक्यो में इधर-उधर कहीं भी जाने की मनाही है।
ऑस्ट्रेलिया के पत्रकार डेनियल सटन ने कहा, ‘यह अब तक के सबसे अधिक प्रतिबंध वाले ओलंपिक खेल हैं। हम मुख्य मीडिया केंद्र में काम रहे हैं लेकिन इसके अलावा हम कहीं और आ जा नहीं सकते।
वहीं, रियो ओलंपिक खेलों को कवर करने वाली जापान की ओलंपिक रिपोर्टर नोजोमी कुनिताके ने कहा, ‘यह दुखद है क्योंकि रियो की तुलना में यहां बेहद खामोशी है।’
इतना ही नहीं ओलंपिक खेलों में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों को भी बेहद सख्त नियमों का पालन करना होगा। खिलाड़ियों को इवेंट खत्म होते ही मास्क पहनकर रखना होगा। टोक्यो में खिलाड़ियों को ओलंपिक मेडल भी खुद ही पहनने का आदेश जारी किया गया है।
बता दें कि इस बार टोक्यो ओलंपिक भी कोरोना वायरस महामारी से प्रभावित है। पिछले साल ओलंपिक खेलों को कोविड 19 के चलते स्थगित कर दिया गया था। महामारी के दौरान ओलंपिक आयोजन का फिर विरोध शुरू हो गया है क्योंकि माना जा रहा है कि ओलंपिक खेल संक्रमण फैलाने में मुख्य भूमिका निभा सकते हैं। टोक्यो में कोविड -19 के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। रविवार को ही कोविड-19 के 1008 नए मामले सामने आए थे। यह लगातार पांचवां दिन था जबकि एक दिन में 1000 से अधिक पॉजिटिव मामले आए हैं। टोक्यो और पड़ोसी प्रांतों में आपातकाल लागू है।
टैग्स पत्रकार कोरोना कोविड-19 टोक्यो कड़े प्रतिबंध ओलंपिक खेल