होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / राष्ट्रपति बोले- कमजोर होते हैं पत्रकार, COVID-19 से मरने की आशंका ज्यादा
राष्ट्रपति बोले- कमजोर होते हैं पत्रकार, COVID-19 से मरने की आशंका ज्यादा
ब्राजील के राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो ने एक बार फिर पत्रकारों को लेकर फिर बेहूदा बयान दिया है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
ब्राजील के राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो ने एक बार फिर पत्रकारों को लेकर फिर बेहूदा बयान दिया है। इस बार उन्होंने सोमवार को कहा कि पत्रकार एथलीट नहीं होते, वे कमजोर होते हैं और इसलिए COVID-19 की चपेट में आकर उनके मरने की आशंका अपेक्षाकृत ज्यादा है।
सोमवार की ‘COVID-19 को हराना’ विषय पर बोलते हुए बोल्सोनारो ने अपना उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि कैसे वह कोरोना को मात देने में कामयाब रहे। उन्होंने कहा कि hydroxychloroquine के इस्तेमाल और एथलीट पृष्ठभूमि होने के चलते वह कोरोना का अच्छे से सामना कर पाए। कोरोना पीड़ित होने से पहले राष्ट्रपति ने कहा था कि एथलीट पृष्ठभूमि ने उन्हें कोरोना से इम्यून बना दिया है।
कार्यक्रम के दौरान, पत्रकारों की तरफ इशारा करते हुए बोल्सोनारो ने कहा, 'एथलीट पृष्टभूमि की वजह से मैं कोरोना के खिलाफ जंग में जीत हासिल कर सका, लेकिन आप लोगों के लिए यह मुश्किल है। आप लोग कमजोर हैं, और आपके जीवित रहने की संभावना कुछ कम है'। राष्ट्रपति इतने पर ही नहीं रुके, उन्होंने आगे कहा कि आप लोग कलम का इस्तेमाल करके केवल बुराई करना जानते हैं। यदि आप कोरोना पीड़ित होते हैं, तो आपके जीवित बचने की संभावना कम है।
वहीं, इससे पहले रविवार को उन्होंने एक पत्रकार को सबके सामने चेहरे पर घूंसा मारने की धमकी दी। दरअसल, जब रिपोर्टर ने उनकी पत्नी पर लग रहे भष्टाचार के आरोपों से जुड़ा सवाल पूछा, तो वह भड़क गए। उन्होंने पत्रकार से कहा ‘मैं आपके मुंह पर मुक्का मारना चाहता हूं।'
हालांकि राष्ट्रपति के रिपोर्टर को धमकी दिए जाने के बाद वहां मौजूद सभी पत्रकारों ने उनके खिलाफ प्रदर्शन करना शुरू कर दिया था, लेकिन राष्ट्रपति प्रदर्शन को नजरंदाज करते हुए बगैर कुछ बोले वहां से निकल गए थे।
बता दें कि दक्षिणपंथी राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो और मीडिया के रिश्ते खास अच्छे नहीं हैं। वे केवल अपने चुनिंदा पत्रकारों के साथ ही अच्छे से पेश आते हैं। राष्ट्रपति की तरह उनके समर्थकों में भी मीडिया से खार खाने वालों की कमी नहीं है। कई बार उनके समर्थकों द्वारा रैलियों और सार्वजानिक कार्यक्रमों में पत्रकारों को निशाना बनाया गया है।
टैग्स पत्रकार ब्राजील जेयर बोल्सोनारो