जेम्स कैमरून की 'अवतार' फ्रेंचाइजी को लेकर बड़ा अपडेट

डिज्नी के रिलीज शेड्यूल में अवतार 4 और अवतार 5 की तारीखें बरकरार हैं। जेम्स कैमरून की फ्रेंचाइजी की अगली फिल्में 2029 और 2031 में सिनेमाघरों तक पहुंचेंगी।

Last Modified:
Thursday, 26 November, 2026
avatar


हॉलीवुड की चर्चित फिल्म फ्रेंचाइजी 'अवतार' (Avatar) की अगली दो फिल्मों को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। डिज्नी (Disney) के आगामी थिएट्रिकल रिलीज शेड्यूल में 'अवतार 4' और 'अवतार 5' दोनों शामिल हैं।

इसके साथ ही फ्रेंचाइजी की अगली फिल्मों की रिलीज टाइमलाइन पर कंपनी का मौजूदा प्लान बरकरार नजर आ रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'अवतार 4' को 21 दिसंबर 2029 और 'अवतार 5' को 19 दिसंबर 2031 को सिनेमाघरों में रिलीज करने का शेड्यूल रखा गया है।

इन फिल्मों का निर्देशन और फ्रेंचाइजी का रचनात्मक नेतृत्व जेम्स कैमरून (James Cameron) से जुड़ा है, जिन्होंने 'अवतार' की दुनिया को बड़े पर्दे पर एक अलग पहचान दिलाई है।

'अवतार' सीरीज की अगली फिल्मों को लेकर पहले भी रिलीज टाइमलाइन में बदलाव हुए हैं। ऐसे में डिज्नी के रिलीज शेड्यूल में दोनों फिल्मों की मौजूदगी फ्रेंचाइजी के आगे बढ़ने की योजना को लेकर अहम अपडेट है।

'अवतार' फ्रेंचाइजी अपनी विशाल काल्पनिक दुनिया, विजुअल इफेक्ट्स (Visual Effects) और तकनीकी स्तर पर फिल्म निर्माण के लिए जानी जाती है।

अगली दो फिल्मों के साथ इस कहानी को आगे बढ़ाने की योजना लंबे समय से चर्चा में रही है। फिलहाल, दोनों फिल्मों के लिए घोषित रिलीज टाइमलाइन के मुताबिक दर्शकों को 'अवतार 4' के लिए 2029 और 'अवतार 5' के लिए 2031 तक इंतजार करना होगा।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

गोल्डन ग्लोब्स 2027 की रेस में 'रामायण' : दो कैटेगरी में Eligibility List में शामिल

रणबीर कपूर की फिल्म रामायण गोल्डन ग्लोब्स 2027 की दो कैटेगरी की Eligibility List में शामिल हुई है। फिल्म ने Critics Choice Awards की तकनीकी शॉर्टलिस्ट में भी जगह बनाई है।

Last Modified:
Wednesday, 25 November, 2026
ramayanapart1

रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) और यश (Yash) स्टारर फिल्म 'रामायण' (Ramayana) को अंतरराष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों के मंच पर एक अहम पहचान मिली है।

फिल्म को 84वें गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स (Golden Globes 2027) की दो कैटेगरी की Eligibility List में शामिल किया गया है। इसके अलावा फिल्म ने 32वें Critics Choice Awards की तकनीकी कैटेगरी की शॉर्टलिस्ट में भी जगह बनाई है।

गोल्डन ग्लोब्स 2027 की Eligibility List में 'रामायण' को Best Motion Picture – Drama और Best Motion Picture – Non-English Language कैटेगरी में विचार के लिए शामिल किया गया है। दोनों कैटेगरी में फिल्म का नाम सामने आने से इसके अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों की दौड़ को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।

हालांकि, Eligibility List में शामिल होने का मतलब अंतिम नॉमिनेशन मिलना नहीं है। अभी फिल्म को इन कैटेगरी में अंतिम नामांकन हासिल करना बाकी है।

'रामायण' ने 32वें Critics Choice Awards की दो तकनीकी कैटेगरी की शॉर्टलिस्ट में भी जगह बनाई है। फिल्म को Best Visual Effects और Best Stunt Design कैटेगरी में शामिल किया गया है। इन कैटेगरी में शॉर्टलिस्ट होना फिल्म के तकनीकी पक्ष को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बना है।

Best Motion Picture – Drama की Eligibility List में 'रामायण' के साथ कई चर्चित अंतरराष्ट्रीय फिल्में भी शामिल हैं। इनमें Dune: Part Three, The Odyssey, Disclosure Day और अन्य फिल्मों के नाम सामने आए हैं। इस कैटेगरी में शामिल फिल्मों को अंतिम नॉमिनेशन तक पहुंचने के लिए आगे की चयन प्रक्रिया से गुजरना होगा।

रिपोर्ट के मुताबिक, 'रामायण' को Best Original Score – Motion Picture और Best Original Song – Motion Picture की Eligibility List में जगह नहीं मिली है।

फिल्म के संगीत से जुड़े सहयोग में एआर रहमान (A.R. Rahman) और हंस जिमर (Hans Zimmer) जैसे नाम शामिल हैं, लेकिन इन संगीत कैटेगरी में फिल्म का नाम सूची में नहीं आया।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

दिलजीत दोसांझ के शो से पहले धमकी भरा ईमेल : आईईडी हमले की चेतावनी

दिलजीत दोसांझ के बेंगलुरु कॉन्सर्ट से पहले बम धमाके की धमकी मिली है। ईमेल में आईईडी हमले की चेतावनी दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Last Modified:
Tuesday, 24 November, 2026
diljit

पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ (Diljit Dosanjh) के बेंगलुरु कॉन्सर्ट से पहले बम धमाके की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। पुलिस को ईमेल के जरिए कार्यक्रम को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है। धमकी में कॉन्सर्ट के दौरान आईईडी (IED) हमले का जिक्र किया गया है। मामला सामने आने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।

जानकारी के मुताबिक, धमकी भरा ईमेल धारवाड़ के पुलिस कमिश्नर को भेजा गया था। इसमें 29 नवंबर को बेंगलुरु के मादावरा स्थित एनआईसीई रोड ग्राउंड (NICE Road Ground) में होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को निशाना बनाने की बात कही गई है। ईमेल में 'खालिस्तान जिंदाबाद' का नारा भी लिखा गया है और कार्यक्रम के दौरान विस्फोट की चेतावनी दी गई है।

ईमेल में कॉन्सर्ट में शामिल होने वाले लोगों को लेकर भी कुछ चेतावनियां दी गई थीं। इसमें बच्चों को कार्यक्रम में साथ नहीं लाने, आईफोन पर आने वाली कॉल का जवाब नहीं देने और मेट्रो से यात्रा करने से बचने जैसी बातें लिखी गई थीं। हालांकि, इन संदेशों की विश्वसनीयता और धमकी देने वाले की पहचान की जांच की जा रही है।

दिलजीत दोसांझ का बेंगलुरु कॉन्सर्ट उनके 'ऑरा इंडिया टूर 2026' (Aura India Tour 2026) का हिस्सा है। कार्यक्रम 29 नवंबर को एनआईसीई ग्राउंड्स में शाम 4 बजे शुरू होने वाला है। धमकी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है और ईमेल से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।

इससे पहले भी दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रमों से पहले धमकी भरे ईमेल सामने आए थे। अक्टूबर में मुंबई में उनके कॉन्सर्ट को लेकर धमकी मिलने की खबर आई थी। नवंबर में इंदौर में होने वाले शो से पहले भी कुछ संस्थानों और अधिकारियों को धमकी भरे ईमेल भेजे गए थे। इन मामलों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई थी और जांच की गई थी।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

इंटरनेशनल एमी अवॉर्ड्स : 'रियल कश्मीर फुटबॉल क्लब' पुरस्कार जीतने से चूकी

इंटरनेशनल एमी अवॉर्ड्स 2026 में भारतीय वेब सीरीज रियल कश्मीर फुटबॉल क्लब बेस्ट ड्रामा का पुरस्कार जीतने से चूक गई, जिससे भारत को निराशा हाथ लगी।

Last Modified:
Tuesday, 24 November, 2026
emmy

इंटरनेशनल एमी अवॉर्ड्स (International Emmy Awards) 2026 में भारतीय वेब सीरीज 'रियल कश्मीर फुटबॉल क्लब' (Real Kashmir Football Club) को निराशा हाथ लगी।

सीरीज बेस्ट ड्रामा (Best Drama Series) कैटेगरी में पुरस्कार जीतने से चूक गई। इस कैटेगरी में उसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अन्य सीरीज से मुकाबला करना पड़ा, लेकिन आखिरकार खिताब उसके हाथ नहीं आया।

मानव कौल (Manav Kaul) और मोहम्मद जीशान अय्यूब (Mohammed Zeeshan Ayyub) अभिनीत 'रियल कश्मीर फुटबॉल क्लब' को इस प्रतिष्ठित अवॉर्ड के लिए नॉमिनेशन (Nomination) मिला था। सीरीज के नॉमिनेशन ने भारतीय मनोरंजन जगत की अंतरराष्ट्रीय मौजूदगी को जरूर मजबूत किया, लेकिन अवॉर्ड की दौड़ में उसे जीत नहीं मिली।

बेस्ट ड्रामा सीरीज का पुरस्कार फ्रांस की सीरीज 'कैरेम' (Careme) के नाम रहा। इस तरह इंटरनेशनल एमी 2026 में 'रियल कश्मीर फुटबॉल क्लब' का सफर नॉमिनेशन तक पहुंचा, लेकिन टीम पुरस्कार अपने नाम करने में सफल नहीं रही।

महेश मथाई और राजेश मापुस्कर के निर्देशन में बनी सीरीज 'रियल कश्मीर फुटबॉल क्लब' कश्मीर घाटी के पहले प्रोफेशनल फुटबॉल क्लब की स्थापना के असल संघर्ष और जुनून की कहानी पर आधारित है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

183 मिलियन डॉलर कमाने के बाद भी अमेरिका में ‘रामायण’ की स्क्रीन घटीं

रणबीर कपूर और यश की ‘रामायण’ ने दुनियाभर में 183 मिलियन डॉलर कमाए, जबकि अमेरिका में तीसरे हफ्ते तक स्क्रीन घटकर 681 रह गईं; फिल्म को शुरुआत में 1,433 थिएटर मिले थे।

Last Modified:
Monday, 23 November, 2026
ramayanamovie

रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) और यश (Yash) की फिल्म ‘रामायण: राइज ऑफ अ लीजेंड’ (Ramayana: Rise of a Legend) दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई कर रही है, लेकिन अमेरिकी बाजार में फिल्म को सिनेमाघरों की संख्या के मामले में बड़ा झटका लगा है।

रिलीज के समय अमेरिका में 1,433 सिनेमाघरों में दिखाई गई यह फिल्म तीसरे हफ्ते तक घटकर 681 सिनेमाघरों में रह गई है। यानी शुरुआती रिलीज के मुकाबले इसके 752 सिनेमाघर कम हो गए हैं।

23 नवंबर 2026 को सामने आई ताजा बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म की स्क्रीन संख्या में यह गिरावट टिकटों की बिक्री धीमी पड़ने और नई फिल्मों को सिनेमाघरों में जगह मिलने के बीच आई है।

फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी (Nitesh Tiwari) ने किया है। इसमें रणबीर कपूर भगवान राम, यश रावण और साई पल्लवी (Sai Pallavi) माता सीता की भूमिका में हैं।

अमेरिकी बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म को पहले हफ्ते में 1,433 सिनेमाघर मिले थे। दूसरे हफ्ते में यह संख्या घटकर 1,112 रह गई। इसके बाद 20 नवंबर से शुरू हुए तीसरे सप्ताह में सिनेमाघरों की संख्या और कम होकर 681 हो गई। इस तरह दूसरे सप्ताह में 321 और अगले सप्ताह में 431 सिनेमाघर कम हुए।

इस बीच फिल्म की कमाई में भी गिरावट दर्ज की गई है। तीसरे वीकेंड में फिल्म ने अमेरिका में करीब 20.65 लाख डॉलर कमाए, जबकि दूसरे वीकेंड की कमाई लगभग 58 लाख डॉलर थी। यानी वीकेंड कलेक्शन में करीब 64 फीसदी की कमी आई है।

फिल्म को अमेरिका में सोनी पिक्चर्स (Sony Pictures) ने वितरित किया है। नई हॉलीवुड फिल्मों की रिलीज और दर्शकों की बदलती पसंद के बीच अब इसके लिए सिनेमाघरों में अपनी जगह बनाए रखना चुनौती होगी।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

विवेक के करियर पर भावुक हुईं दिव्यांका :बोलीं- मैं तुम्हारी राह में रुकावट हूं

दिव्यांका त्रिपाठी विवेक दहिया के करियर पर बात करते हुए शो ‘पति पत्नी और पंगा 2’ में भावुक हो गईं। विवेक ने कहा कि उन्हें दिव्यांका का पति होने पर गर्व है।

Last Modified:
Saturday, 21 November, 2026
vivekdahiya

टेलीविजन अभिनेत्री दिव्यांका त्रिपाठी (Divyanka Tripathi) अपने पति विवेक दहिया (Vivek Dahiya) के करियर को लेकर एक बार फिर चर्चा में हैं।

रियलिटी शो ‘पति पत्नी और पंगा 2’ (Pati Patni Aur Panga 2) के सेट पर विवेक के साथ बातचीत करते हुए दिव्यांका भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि उन्हें कभी-कभी लगता है कि उनकी लोकप्रियता की वजह से विवेक की अपनी पहचान और करियर पीछे रह गया है।

शो में दिव्यांका ने विवेक की एक्टिंग और डांस की तारीफ की। उन्होंने कहा कि विवेक में काफी प्रतिभा है और उन्हें अपने काम के दम पर पहचान मिलनी चाहिए। इसी दौरान दिव्यांका ने भावुक होकर कहा, "I feel that I am a hurdle in your life" यानी उन्हें लगता है कि कहीं वह विवेक की जिंदगी में रुकावट तो नहीं बन गई हैं।

दिव्यांका ने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि लोग विवेक को उनकी अपनी पहचान के बजाय अक्सर 'दिव्यांका के पति' के रूप में पहचानते हैं। उन्होंने सवाल किया कि आखिर लोग विवेक को उनके अपने काम और नाम से कब पहचानेंगे।

दिव्यांका की बात सुनकर विवेक ने उन्हें भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा, "I am proud to be your husband" यानी उन्हें दिव्यांका का पति होने पर गर्व है।

विवेक ने भी अपनी पत्नी की मेहनत और काम के प्रति समर्पण की तारीफ की। इस बातचीत में दोनों के बीच एक-दूसरे के प्रति सम्मान और समर्थन देखने को मिला।

दिव्यांका की यह चिंता दरअसल विवेक की प्रतिभा को अलग पहचान मिलने से जुड़ी है। उन्होंने अपने पति के काम की तारीफ करते हुए यही इच्छा जताई कि उन्हें भी उनकी अपनी उपलब्धियों के लिए पहचाना जाए।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

ज़ी एंटरटेनमेंट से जुड़े गौरव शर्मा : स्पोर्ट्स टीम में बने सीनियर मैनेजर

गौरव शर्मा ने ज़ी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड में सीनियर मैनेजर स्पोर्ट्स के तौर पर नई जिम्मेदारी संभाली है। वह यूनाइट8 स्पोर्ट्स और ज़ी5 के लिए स्पोर्ट्स से जुड़े काम देखेंगे।

Last Modified:
Saturday, 21 November, 2026
gauravsharma

गौरव शर्मा ने ज़ी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड (Zee Entertainment Enterprises Limited) में सीनियर मैनेजर – स्पोर्ट्स (Senior Manager – Sports) के तौर पर नई जिम्मेदारी संभाली है। इस भूमिका में वह यूनाइट8 स्पोर्ट्स (Unite8 Sports) और ज़ी5 (ZEE5) के लिए स्पोर्ट्स से जुड़े कामकाज संभालेंगे।

ज़ी एंटरटेनमेंट से जुड़ने से पहले शर्मा सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया (Sony Pictures Networks India) के साथ काम कर रहे थे। इससे पहले वह स्टार टीवी नेटवर्क (Star TV Network) और ड्रीम स्पोर्ट्स फील्ड्स प्राइवेट लिमिटेड (Dream Sports Fields Pvt Ltd) से भी जुड़े रहे हैं।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

समांथा रुथ प्रभु के घर गूंजी किलकारी : बेटे का नाम भी किया सार्वजनिक

अभिनेत्री समांथा रुथ प्रभु और फिल्ममेकर राज निदिमोरु के घर 19 नवंबर को बेटे का जन्म हुआ। कपल ने बच्चे का नाम देव निदिमोरु रखा और पहली तस्वीर साझा की।

Last Modified:
Friday, 20 November, 2026
samantha

साउथ सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री समांथा रुथ प्रभु (Samantha Ruth Prabhu) की जिंदगी में खुशियों ने दस्तक दी है। अभिनेत्री मां बन गई हैं। उनके पति और फिल्ममेकर राज निदिमोरु (Raj Nidimoru) के साथ उन्होंने अपने पहले बच्चे का स्वागत किया है।

कपल के घर 19 नवंबर 2026 को बेटे का जन्म हुआ। समांथा ने 20 नवंबर को सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा कर यह खुशखबरी प्रशंसकों को दी। इसके साथ ही उन्होंने अपने बेटे का नाम भी बताया है।

कपल ने अपने बेटे का नाम देव निदिमोरु (Dev Nidimoru) रखा है। तस्वीर में समांथा और राज नवजात बच्चे का नन्हा हाथ थामे नजर आ रहे हैं। पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा, 'हमारा प्यारा बेटा देव निदिमोरु। 19.11.2026। हमारे दिल आज सबसे ज्यादा खुश हैं।'

समांथा और राज ने 1 दिसंबर 2025 को कोयंबटूर स्थित ईशा योग केंद्र में एक निजी समारोह में शादी की थी। दोनों की मुलाकात वेब सीरीज 'द फैमिली मैन 2' के दौरान हुई थी। इसके बाद दोनों ने 'सिटाडेल: हनी बनी' में भी साथ काम किया।

जून 2026 में समांथा ने फिल्म 'मा इंटी बंगाराम' के सक्सेस इवेंट में अपनी प्रेग्नेंसी की जानकारी सार्वजनिक की थी। उन्होंने उस दौरान काम से कुछ समय का ब्रेक लेने की बात भी कही थी। अब बेटे के जन्म के साथ दोनों ने अपनी जिंदगी का नया अध्याय शुरू किया है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

आम्रपाली दुबे के खेल से प्रभावित हुए निरहुआ : ट्रॉफी जीतने का जताया भरोसा

भोजपुरी अभिनेता दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ ने बिग बॉस 20 में आम्रपाली दुबे के खेल की खुलकर तारीफ की और फैंस से वोट देने की अपील कर जीत का भरोसा जताया।

Last Modified:
Friday, 20 November, 2026
nirhuaa

भोजपुरी अभिनेत्री आम्रपाली दुबे (Amrapali Dubey) इन दिनों रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' (Bigg Boss 20) में अपने खेल को लेकर चर्चा में हैं। उनके प्रदर्शन से प्रभावित होकर भोजपुरी अभिनेता दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ (Dinesh Lal Yadav Nirahua) भी उनके समर्थन में उतर आए हैं।

निरहुआ ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने आम्रपाली के आत्मविश्वास, समझदारी और बेबाक अंदाज की तारीफ की। साथ ही उन्होंने अपने प्रशंसकों से आम्रपाली को वोट देने की अपील भी की है।

वीडियो में निरहुआ कहते नजर आए कि आम्रपाली बिग बॉस के घर में शानदार खेल दिखा रही हैं। उनका बेबाक अंदाज, बुद्धिमत्ता, सूझबूझ और बातचीत करने का तरीका दर्शकों को प्रभावित कर रहा है। निरहुआ के मुताबिक, आम्रपाली जिस तरह हर परिस्थिति में अपनी बात रख रही हैं, उसकी वजह से लोग उनकी तारीफ कर रहे हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि आम्रपाली इस बार बिग बॉस की ट्रॉफी जीतकर ही लौटेंगी। निरहुआ ने अपने वीडियो में दर्शकों से जियोहॉटस्टार (JioHotstar) पर जाकर उन्हें वोट और समर्थन देने की अपील भी की।

निरहुआ और आम्रपाली की जोड़ी भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय जोड़ियों में गिनी जाती है। दोनों ने 2014 में आई फिल्म 'निरहुआ हिंदुस्तानी' (Nirahua Hindustani) में पहली बार साथ काम किया था। इसके बाद दोनों कई फिल्मों में नजर आए और उनकी ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री को दर्शकों ने पसंद किया।

अब बिग बॉस 20 में आम्रपाली के सफर को निरहुआ का समर्थन मिलने से उनके प्रशंसकों के बीच भी उत्साह बढ़ा है।

View this post on Instagram

A post shared by Nirahua (@dineshlalyadav)

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

सैफ अली खान को मिला धमकी भरा वॉइस मैसेज : मुंबई पुलिस ने शुरू की जांच

अभिनेता सैफ अली खान को वॉइस मैसेज के जरिए धमकी मिली है। मुंबई पुलिस जांच कर रही है कि संदेश जीशान अख्तर ने भेजा या किसी ने उनका नाम इस्तेमाल किया है।

Last Modified:
Thursday, 19 November, 2026
saifalikhan

बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान (Saif Ali Khan) को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद मुंबई पुलिस (Mumbai Police) ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

अभिनेता के फोन पर एक धमकी भरा वॉइस मैसेज आया, जिसमें उन्हें पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी (Baba Siddique) जैसा अंजाम भुगतने की चेतावनी दी गई। इस मामले में बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के वांछित आरोपी जीशान अख्तर (Zeeshan Akhtar) का नाम सामने आया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह संदेश जीशान अख्तर के नाम से भेजा गया था। शुरुआती जानकारी में इसका संबंध रोहित गोदारा गैंग (Rohit Godara Gang) से भी बताया जा रहा है।

हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि धमकी वास्तव में जीशान ने दी है या किसी दूसरे व्यक्ति ने उसके नाम का इस्तेमाल किया है। पुलिस इस ऑडियो की प्रामाणिकता की जांच कर रही है।

बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर 2024 को मुंबई के बांद्रा इलाके में उनके बेटे के कार्यालय के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में जीशान अख्तर वांछित है। जांच एजेंसियों के अनुसार, उसका संबंध पहले लॉरेंस बिश्नोई गैंग से था। बाद में उसके रोहित गोदारा गैंग से जुड़ने की खबरें भी सामने आईं।

इस मामले में पुलिस की फॉरेंसिक और साइबर क्राइम टीमें वॉइस मैसेज की जांच कर रही हैं। आवाज के नमूनों का मिलान करके यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि संदेश किसने भेजा है।

पुलिस अधिकारियों ने यह भी बताया कि अभिनेता तुषार कपूर (Tusshar Kapoor) और आयुष्मान खुराना (Ayushmann Khurrana) को भी पहले इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं।

उन अलग-अलग मामलों में बेंगलुरु के IIT ग्रेजुएट वैभव मिश्रा (Vaibhav Mishra) को गिरफ्तार किया गया था। आरोप है कि उसने AI वॉइस क्लोनिंग की मदद से गैंग के लोगों की आवाज की नकल कर धमकी भरे संदेश भेजे थे। पुलिस के अनुसार, उसका किसी गैंग से संबंध नहीं था।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

आर्यन खान को मिली 'TIME100 Next India' के कवर पर जगह

टाइम मैगजीन ने पहली बार भारत के लिए TIME100 Next India सूची जारी की। आर्यन खान, आलिया भट्ट समेत 100 उभरती हस्तियों को विभिन्न क्षेत्रों में योगदान के लिए जगह मिली।

Last Modified:
Thursday, 19 November, 2026
aryankhan

बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के बेटे और फिल्ममेकर आर्यन खान (Aryan Khan) को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। प्रतिष्ठित अमेरिकी मैगजीन टाइम (TIME) ने अपनी पहली TIME100 Next India सूची के कवर पर उन्हें जगह दी है। इस संयुक्त कवर में आर्यन के साथ फिल्ममेकर पायल कपाड़िया (Payal Kapadia) और थेजा रियो (Theja Rio) भी नजर आ रहे हैं।

टाइम ने 19 नवंबर को भारत के लिए अपनी पहली विशेष सूची जारी की। इसमें मनोरंजन, कारोबार, विज्ञान, खेल और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े 100 उभरते लोगों को शामिल किया गया है। इस पहल का उद्देश्य ऐसे लोगों को पहचान देना है, जिनके काम और विचार भारत के भविष्य को प्रभावित कर रहे हैं।

आर्यन खान को यह जगह बतौर फिल्ममेकर मिली है। उन्होंने नेटफ्लिक्स (Netflix) की वेब सीरीज 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' (The Ba***ds of Bollywood) से निर्देशन की शुरुआत की थी।

इस प्रोजेक्ट के जरिए उन्होंने फिल्म निर्माण की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश की। खास बात यह है कि मशहूर फिल्ममेकर विशाल भारद्वाज (Vishal Bhardwaj) ने टाइम के लिए आर्यन पर एक विशेष प्रोफाइल भी लिखी है।

इस विशेष संस्करण में कुल तीन कवर जारी किए गए हैं। एक कवर पर अभिनेत्री आलिया भट्ट (Alia Bhatt) और दूसरे पर स्काईरूट एयरोस्पेस के सह-संस्थापक पवन कुमार चंदना (Pawan Kumar Chandana) नजर आ रहे हैं। वहीं तीसरे कवर पर आर्यन खान, पायल कपाड़िया और थेजा रियो की संयुक्त तस्वीर है।

टाइम का यह विशेष प्रिंट संस्करण 7 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के न्यूजस्टैंड पर उपलब्ध होगा। इसके अलावा 12 दिसंबर को मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में पहली TIME100 Next India गाला आयोजित की जाएगी। इस कार्यक्रम में सूची में शामिल कई हस्तियों के पहुंचने की उम्मीद है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए