होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / पत्रकार पति ने इस वजह से ले ली क्राइम रिपोर्टर पत्नी की जान
पत्रकार पति ने इस वजह से ले ली क्राइम रिपोर्टर पत्नी की जान
ऑफिस जाते समय दिया घटना को अंजाम, करीब सात महीने पहले ही महिला ने उर्दू अखबार में कार्यरत पत्रकार से किया था प्रेम विवाह
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
27 वर्षीय एक महिला पत्रकार की उसके पति द्वारा हत्या करने का मामला सामने आया है। यह मामला पाकिस्तान का है। आरोपित पति भी पत्रकार है। बताया जाता है कि वह पत्नी पर नौकरी छोड़ने के लिए दबाव डाल रहा था। न मानने पर उसने सोमवार को पत्नी के सिर में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज को अपने कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 27 वर्षीय पत्रकार उरूज इकबाल लाहौर स्थित एक उर्दू अखबार में बतौर क्राइम रिपोर्टर काम करती थीं, जबकि उनका पति दिलावर अली किसी दूसरे उर्दू अखबार में काम करता है। सोमवार को उरूज किला गुज्जर सिंह स्थित अपने ऑफिस में जा रही थीं, इसी दौरान दिलावर अली ने उरूज के सिर में गोली मार दी। गंभीर हालत में उरूज को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
पुलिस ने उरूज के भाई यासिर इकबाल की शिकायत के आधार पर दिलावर अली के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। इस शिकायत में यासिर इकबाल ने बताया है कि उसकी बहन ने करीब सात महीने पूर्व लव मैरिज की थी, लेकिन जल्दी ही मियां-बीवी के रिश्तों में खटास आ गई। दिलावर अली बार-बार उरूज पर नौकरी छोड़ने के लिए दबाव डाल रहा था।
यासिर इकबाल के अनुसार, दिलावर अली इस मामले को लेकर उरूज को टॉर्चर भी करता था। पुलिस में अली के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई गई थी, लेकिन पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। पति के साथ रिश्ते खराब होने के बाद उरूज अखबार के ऑफिस से सटे एक कमरे में रह रही थीं।
टैग्स पत्नी की हत्या पाकिस्तानी पत्रकार पत्रकार हत्या उरूज इकबाल यासिर इकबाल दिलावर अली