होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / ‘इंडिया न्यूज’ से जुड़े पत्रकार राघवेन्द्र पाण्डेय, मिली यह जिम्मेदारी
‘इंडिया न्यूज’ से जुड़े पत्रकार राघवेन्द्र पाण्डेय, मिली यह जिम्मेदारी
युवा पत्रकार राघवेन्द्र पाण्डेय ने ‘आईटीवी नेटवर्क’ (iTV Network) के साथ मीडिया में अपनी नई पारी का आगाज किया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
युवा पत्रकार राघवेन्द्र पाण्डेय ने ‘आईटीवी नेटवर्क’ (iTV Network) के साथ मीडिया में अपनी नई पारी का आगाज किया है। उन्होंने इस नेटवर्क के हिंदी न्यूज चैनल ‘इंडिया न्यूज’ (India News) में उत्तर प्रदेश ब्यूरो चीफ के रूप में जॉइन किया है। समाचार4मीडिया से बातचीत में राघवेन्द्र पाण्डेय ने बताया कि इससे पहले वह करीब सात महीने से ‘अनादि टीवी’ (Anaadi TV) चैनल में बतौर ब्यूरो चीफ अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे।
मूल रूप से प्रयागराज (पूर्व में इलाहाबाद) के रहने वाले राघवेन्द्र पाण्डेय ‘अनादि टीवी’ से पहले करीब पांच साल तक जानी-मानी न्यूज एजेंसी ‘एशियन न्यूज इंटरनेशनल’ (ANI) में भी अपनी भूमिका निभा चुके हैं। उन्होंने वर्ष 2017 में दिल्ली में संवाददाता के रूप में यहां जॉइन किया था, करीब एक साल बाद ‘एएनआई’ ने उन्हें लखनऊ भेजकर उत्तर प्रदेश की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी। इस दौरान राघवेन्द्र पाण्डेय ने राष्ट्रपति कवरेज, प्रधानमंत्री कवरेज, लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव के साथ ही देश-प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों पर रिपोर्टिंग की।
राघवेन्द्र पाण्डेय ने पत्रकारिता में अपने करियर की शुरुआत वर्ष 2010 में लखनऊ से ‘खोज इंडिया’ टीवी चैनल से की थी। इसके बाद अक्टूबर 2011 में वह दिल्ली आ गए और अन्ना आंदोलन की कवरेज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दिल्ली में ही वर्ष 2012 में संचार टाइम मीडिया ग्रुप में उन्होंने करीब तीन वर्ष तक कार्य किया। इसके बाद वह राष्ट्रीय राजधानी में दो वर्ष के लिए ‘K न्यूज’ चैनल में भी अपनी भूमिका निभा चुके हैं।
समाचार4मीडिया की ओर से राघवेन्द्र पाण्डेय को उनके नए सफर के लिए ढेरों बधाई और शुभकामनाएं।
टैग्स इंडिया न्यूज आईटीवी नेटवर्क ब्यूरो चीफ नई पारी नियुक्ति राघवेन्द्र पाण्डेय