होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / इस वजह से की गई थी पत्रकार की हत्या, जांच में हुआ खुलासा
इस वजह से की गई थी पत्रकार की हत्या, जांच में हुआ खुलासा
वारदात के दौरान मोटरसाइकिल से रोजाना की तरह एक विद्यालय में पढ़ाने जा रहे थे पत्रकार, पुलिस ने एक आरोपित को किया गिरफ्तार
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में बदमाशों द्वारा एक पत्रकार की गला रेतकर हत्या के मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नामजद दो आरोपितों में से एक को गिरफ्तार कर लिया है जबकि दूसरे आरोपित की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही है।
बताया जाता है कि 55 वर्षीय राधे श्याम शर्मा गोरखपुर से पब्लिश होने वाले एक हिंदी अखबार में काम करते थे। राधे श्याम शर्मा हाटा क्षेत्र में गांव सिकटिया के टोला बनटोलवा के रहने वाले थे। वह अपने गांव के पास सोहसा पट्टी गौसी स्थित अंजुमन बालिका इंटर कालेज में पढ़ाते भी थे। गुरुवार की सुबह रोजाना की तरह करीब आठ बजे वह अपनी मोटरसाइकिल से पढ़ाने ही जा रहे थे।
इसी बीच दुबोली गांव के पास रास्ते में कुछ अज्ञात बदमाशों ने राधे श्याम शर्मा को रोक लिया और गला रेत दिया। शोर सुनकर अगल-बगल के खेतों में काम करने वाले लोग मौके पर पहुंचे, मगर तब तक बदमाश फरार हो गए।
पुलिस ने राधे श्याम शर्मा के बेटे अजय शर्मा की तहरीर पर गांव के ही तेज प्रताप सिंह और रामगोपाल सिंह के खिलाफ कई धाराओं में केस दर्ज किया था। पुलिस ने इस मामले में रामगोपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरे आरोपित के घर से डाग स्क्वॉड की निशानदेही पर खून से सने कपड़े बरामद हुए हैं। जांच में हत्या की वजह राधेश्याम का अपने पड़ोसियों से लंबे समय से पारिवारिक एवं जमीनी रंजिश होना सामने आया है।
टैग्स पत्रकार की हत्या कुशीनगर राधे श्याम शर्मा