होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / दैनिक जागरण में पत्रकार आशुतोष अग्निहोत्री को मिली बड़ी जिम्मेदारी
दैनिक जागरण में पत्रकार आशुतोष अग्निहोत्री को मिली बड़ी जिम्मेदारी
राष्ट्रीय सहारा, आगरा से की अपने पत्रकारीय करियर की शुरुआत
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
हिन्दी के प्रमुख अखबार ‘दैनिक जागरण’ प्रबंधन ने हेडऑफिस नोएडा में कार्यरत पत्रकार आशुतोष अग्निहोत्री को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। इसके तहत उन्हें नोएडा का ब्यूरो चीफ बनाया गया है। आशुतोष अग्निहोत्री को मीडिया के क्षेत्र में काम करने का करीब 14 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2006 में आगरा में ‘राष्ट्रीय सहारा’ से की थी। हालांकि, वह यहां महज एक साल ही कार्यरत रहे और वर्ष 2007 में ‘राष्ट्रीय सहारा’ को अलविदा कहकर उन्होंने ‘अमर उजाला’ के आगरा एडिशन का दामन थाम लिया। करीब तीन साल बाद वर्ष 2010 में ‘अमर उजाला’ में उन्हें एटा के ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी दी गई।
वर्ष 2011 में ‘अमर उजाला’ को बाय बोलकर उन्होंने ‘दैनिक जागरण’ का रुख कर लिया और कानपुर में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी नई पारी शुरू कर दी। यहां वर्ष 2012 में प्रबंधन ने उन्हें रायबरेली का ब्यूरो चीफ नियुक्त कर दिया। इसके एक साल बाद ही वर्ष 2013 में उन्हें इटावा के ब्यूरो चीफ का जिम्मा संभालने का मौका मिला। यहां भी करीब एक साल तक यह जिम्मेदारी निभाने के बाद 2014 में उन्हें कानपुर में चीफ क्राइम रिपोर्टर की नई भूमिका सौंपी गई। इस पद पर उन्होंने करीब दो साल तक काम किया। इसके बाद आशुतोष अग्निहोत्री को प्रबंधन ने नोएडा भेज दिया, जहां उन्होंने हरियाणा डेस्क पर अपनी प्रतिभा दिखाई। इस बार के लोकसभा चुनाव में उन्हें दिल्ली-एनसीआर में चुनाव डेस्क की जिम्मेदारी मिली। अब प्रबंधन ने उन्हें नोएडा ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी सौंपी है। मूल रूप से उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद के रहने वाले आशुतोष अग्निहोत्री ने वहीं से अपनी पढ़ाई-लिखाई पूरी की। उन्होंने आगरा से पत्रकारिता की पढ़ाई की है।
आप अपनी राय, सुझाव और खबरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। (हमें फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन और यूट्यूब पर फॉलो करें)
टैग्स दैनिक जागरण आशुतोष अग्निहोत्री ब्यूरो चीफ