होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / पुलिस के हत्थे चढ़ा तीन माह से फरार चल रहा हत्याकांड का आरोपित पत्रकार
पुलिस के हत्थे चढ़ा तीन माह से फरार चल रहा हत्याकांड का आरोपित पत्रकार
बताया जाता है कि आरोपित ने कथित तौर पर एनसीपी कार्यकर्ता को मारने की साजिश रची क्योंकि उसे डर था कि वह कुछ मुद्दों पर उसके खिलाफ शिकायत दर्ज करा सकती है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
महाराष्ट्र के अहमदनगर में पिछले साल हुई नेशनल कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की महिला कार्यकर्ता रेखा जरे (Rekha Jare) की हत्या के मामले में पुलिस ने एक पत्रकार को शनिवार को हैदराबाद के होटल से गिरफ्तार किया है।
मीडिया रिपोर्ट्स में पुलिस के हवाले से बताया गया है कि उक्त पत्रकार करीब तीन माह से फरार चल रहा था। पकड़े गए पत्रकार की पहचान बाल बोठे (Bal Bothe) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, करीब 49 वर्षीय बोठे ने कथित तौर पर जरे को मारने की साजिश रची क्योंकि उसे डर था कि वह कुछ मुद्दों पर उसके खिलाफ शिकायत दर्ज करा सकती है।
बता दें कि यशस्वनी महिला ब्रिगेड (Yashaswini Mahila Brigade) की अध्यक्ष करीब 39 वर्षीय जरे की अहमदनगर की पारनेर तहसील के जातेगांव फाटा में पिछले साल 30 नवंबर को बाइक सवार दो लोगों ने हत्या कर दी थी। घटना के दौरान जरे अपनी मां, बेटे और एक दोस्त के साथ कार से पुणे से अहमदनगर लौट रही थीं।
पुलिस के अनुसार, बोठे एक मराठी अखबार में काम करता था। इस मामले में पुलिस करीब तीन महीने से बोठे की तलाश में थी। एक सूचना पर पुलिस ने शनिवार को बोठे की तलाश में हैदराबाद में एक होटल में छापा मारा। यहां होटल के एक कमरे पर बाहर से ताला लगाया हुआ था, ताकि किसी को शक न हो कि कमरे के अंदर कोई है। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर बोठे को गिरफ्तार कर लिया। बोठे के अलावा इस मामले में पुलिस अब तक दस लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
टैग्स पत्रकार गिरफ्तार एनसीपी कार्यकर्ता रेखा जरे बाल बोठे