होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / सीएम की पत्नी के बारे में ‘ऐसी खबरें’ फैला रहा था पत्रकार, पुलिस ने डाला हवालात में
सीएम की पत्नी के बारे में ‘ऐसी खबरें’ फैला रहा था पत्रकार, पुलिस ने डाला हवालात में
देश में फेक न्यूज पर तमाम कवायदों के बाद भी रोक नहीं लग पा रही है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
देश में फेक न्यूज पर तमाम कवायदों के बाद भी रोक नहीं लग पा रही है। यहां तक कि फेक न्यूज फैलाने में पुलिसकर्मी और पत्रकारों के संलिप्त होने के मामले भी सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला त्रिपुरा का सामने आया है, जहां पर मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब और उनकी पत्नी के बारे में फर्जी खबरें प्रसारित करने के मामले में रविवार की शाम एक पत्रकार को गिरफ्तार किया गया है। इन खबरों में कहा जा रहा था कि बिप्लब कुमार देब की पत्नी ने उनके खिलाफ दिल्ली की तीस हजारी अदालत में तलाक की अर्जी दाखिल की है।
पकड़े गए पत्रकार का नाम सैकत तलपात्रा (Saikat Talapatra) है और पश्चिम अगरतला पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी की है। पुलिस फिलहाल उससे पूछताछ कर रही है। इसके बाद इसे कोर्ट के सामने पेश किया जाएगा। सैकत तलपात्रा पिछले साल से फ्रीलॉन्स पत्रकारिता कर रहा था। इससे पहले वह कई न्यूज चैनलों में काम कर चुका है। सैकत तलपात्रा को आखिरी बार एक स्थानीय केबल टीवी चैनल ‘हल्लाबोल’ पर एक विशेष साक्षात्कार आयोजित करते हुए देखा गया था।
बताया जाता है कि सैकत इन दिनों अनुपम पॉल नामक फेसबुक यूजर के संपर्क में था, जिसके खिलाफ मुख्यमंत्री की अवमानना, जालसाजी और आपराधिक षडयंत्र का मामला पहले ही दर्ज किया जा चुका है। गौरतलब है कि इससे पहले फेसबुक पर मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी के बारे में इसी तरह की पोस्ट करने पर पुलिस ने रविवार को जमाल हुसैन नामक एक कांस्टेबल को गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसे निलंबित कर दिया गया था। वहीं, सोशल मीडिया पर इस तरह की खबरें वायरल होने के बाद बिप्लब कुमार देब की पत्नी नीति देब ने स्पष्ट किया है कि उन्होंने तलाक की कोई अर्जी नहीं दी है। कुछ लोग राजनीतिक फायदे के लिए इस तरह की गलत खबरें फैला रहे हैं।
टैग्स फेक न्यूज बिप्लब कुमार देब सैकत तलपात्रा जमाल हुसैन