होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / अब डिजिटल व टीवी पर एकसाथ मिलेगा भारत-इंग्लैंड सीरीज का मजा
अब डिजिटल व टीवी पर एकसाथ मिलेगा भारत-इंग्लैंड सीरीज का मजा
इस साझेदारी के तहत 2025 और 2026 में होने वाले भारत के इंग्लैंड दौरे के सभी मुकाबले (टेस्ट, वनडे और टी20) डिजिटल और टीवी दोनों माध्यमों पर अलग-अलग मंचों से देखे जा सकेंगे
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 8 months ago
भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। JioStar और Sony Pictures Networks India (SPNI) ने आज घोषणा की कि भारत की इंग्लैंड दौरे की सभी मैचों के प्रसारण के लिए दोनों कंपनियां साथ मिलकर काम करेंगी। इस साझेदारी के तहत 2025 और 2026 में होने वाले भारत के इंग्लैंड दौरे के सभी मुकाबले (टेस्ट, वनडे और टी20) डिजिटल और टीवी दोनों माध्यमों पर अलग-अलग मंचों से देखे जा सकेंगे।
साझेदारी के तहत JioStar को इन मैचों के डिजिटल स्ट्रीमिंग अधिकार मिलेंगे, जो JioHotstar ऐप पर सभी मैचों का सीधा प्रसारण करेगा। वहीं, Sony Pictures Networks India इन सभी मुकाबलों को अपने स्पोर्ट्स चैनलों पर प्रसारित करेगा, जिसमें Sony Sports Network शामिल है।
2025 की बहुप्रतीक्षित पांच टेस्ट मैचों की सीरीज 20 जून से लीड्स के हेडिंग्ले मैदान पर शुरू होगी। इसके बाद मैच बर्मिंघम (2 जुलाई), लॉर्ड्स (10 जुलाई), मैनचेस्टर (23 जुलाई) और ओवल (31 जुलाई) में खेले जाएंगे। 2026 की सीरीज में तीन वनडे और पांच टी20 मैच भी इस समझौते का हिस्सा है।
JioStar के स्पोर्ट्स और लाइव एक्सपीरियंस प्रमुख संजोग गुप्ता ने इस साझेदारी को “सभी पक्षों के लिए लाभकारी” करार दिया। उन्होंने कहा, “यह सहयोग भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए खास है। JioHotstar की डिजिटल पहुंच और Sony के टीवी नेटवर्क के साथ मिलकर यह साझेदारी दर्शकों को इन्क्लूसिव, इंटरऐक्टिव और इमर्सिव अनुभव देने के लिए प्रतिबद्ध है।”
Sony Pictures Networks India के MD और CEO गौरव बनर्जी ने ECB (England & Wales Cricket Board) का आभार जताते हुए कहा, “यह साझेदारी भारत-इंग्लैंड सीरीज की कवरेज को नए आयाम देगी। Sony के टीवी नेटवर्क और JioStar की डिजिटल क्षमता मिलकर दर्शकों के लिए बेहतरीन अनुभव सुनिश्चित करेंगी।”
Sony Pictures Networks India ने 2023 में ECB की भारत में सभी सीरीज के विशेष प्रसारण अधिकार 2031 तक के लिए हासिल किए थे। आज की घोषणा इसी दीर्घकालिक करार के तहत एक बड़ी पहल है।
JioStar और Sony का यह गठबंधन भारतीय खेल प्रसारण जगत में सहयोग और नवाचार का एक नया अध्याय है। इस साझेदारी से यह सुनिश्चित होता है कि दर्शकों को डिजिटल और टीवी दोनों माध्यमों पर समान रूप से बेहतरीन क्रिकेटिंग अनुभव मिले, चाहे वे मोबाइल पर देख रहे हों या पारंपरिक टीवी स्क्रीन पर।
यह करार न सिर्फ भारत-इंग्लैंड सीरीज को व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचाएगा, बल्कि यह भी साबित करेगा कि भारत में खेलों का भविष्य अब सहयोगी और तकनीकी रूप से अधिक समृद्ध बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
टैग्स