होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / संकट की घड़ी में संवेदनशील पत्रकारिता की जिम्मेदारी को समझना होगा: मुकेश शर्मा
संकट की घड़ी में संवेदनशील पत्रकारिता की जिम्मेदारी को समझना होगा: मुकेश शर्मा
समस्या यह है कि आज यह पेशा सिर्फ एक नौकरी बन कर रह गया है। जैसे-जैसे पेशेवर शिक्षा की जगह व्यावसायिकता ने ली है, भाषा और प्रस्तुति की संवेदनशीलता कम होती गई है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 9 months ago
विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस (वर्ल्ड प्रेस फ्रीडम डे) के अवसर पर एक्सचेंज4मीडिया ग्रुप की ओर से एक विशेष वेबिनार का आयोजन किया गया, जिसमें भारतीय मीडिया जगत की जानी-मानी हस्तियों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जिम्मेदार पत्रकारिता का उत्सव मनाना और मीडिया की बदलती भूमिका पर विचार-विमर्श करना था।
वेबिनार में शामिल प्रमुख वक्ताओं में आलोक मेहता (वरिष्ठ पत्रकार और पद्मश्री सम्मानित), प्रो. (डॉ.) के. जी. सुरेश (वरिष्ठ मीडिया विशेषज्ञ और निदेशक, इंडिया हैबिटैट सेंटर), राहुल महाजन (वरिष्ठ पत्रकार) और मुकेश शर्मा (डायरेक्टर, जर्नलिज्म- कलेक्टिव न्यूजरूम) शामिल रहे।
कलेक्टिव न्यूजरूम के जर्नलिज्म में डायरेक्टर मुकेश शर्मा ने एक्सचेंज4मीडिया के वेबिनार में कहा कि 26/11 जैसे आतंकी हमले के समय की कवरेज ने पत्रकारिता को कई महत्वपूर्ण सबक सिखाए हैं। उस समय की रिपोर्टिंग को लेकर काफी चर्चा हुई थी, खासकर इस बात पर कि लाइव ब्रॉडकास्ट के जरिए संवेदनशील सूचनाएं देश की सीमाओं के पार भी पहुंच रही थीं। यह एक गंभीर चिंता का विषय था, जिस पर समाज के अलग-अलग वर्गों ने आपत्ति जताई।
मुकेश शर्मा ने कहा कि ऐसे संकट कालीन क्षणों में यह जरूरी हो जाता है कि मीडिया बेहद संवेदनशीलता से काम ले। उदाहरण के लिए, किसी आतंकी हमले या दंगे की रिपोर्टिंग करते समय वहां की भयावह तस्वीरें, जैसे- लहूलुहान शव दिखाने को लेकर एक जिम्मेदार दृष्टिकोण जरूरी होता है। कुछ लोग तर्क देते हैं कि ऐसे विजुअल्स घटना की गंभीरता को दर्शाने के लिए जरूरी हैं, लेकिन ऐसा करना ही एकमात्र रास्ता नहीं है। पत्रकारिता की भाषा, शैली और प्रस्तुति में जो रचनात्मकता और समझ होनी चाहिए, वही इन स्थितियों में सबसे अहम होती है।
उन्होंने कहा कि समस्या यह है कि आज यह पेशा सिर्फ एक नौकरी बन कर रह गया है। जैसे-जैसे पेशेवर शिक्षा की जगह व्यावसायिकता ने ली है, भाषा और प्रस्तुति की संवेदनशीलता कम होती गई है। इसका असर संकट की रिपोर्टिंग में साफ दिखता है- अक्सर रिपोर्टर संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के बजाय सनसनी पर जोर देते हैं।
उन्होंने कहा कि पत्रकार की पहली जिम्मेदारी है- लोगों तक सटीक और वस्तुनिष्ठ जानकारी पहुंचाना। जब रिपोर्टर किसी हिंसक या संवेदनशील स्थल पर पहुंचता है, तो उसे ये सोचना होता है कि उसके पास जो एक्सेस है, वो कितनी व्यापक है, और क्या उसके द्वारा दिखाए जा रहे विजुअल्स पूरे संदर्भ को दर्शाते हैं या नहीं। उदाहरण के लिए, अगर कोई दंगा हुआ है और रिपोर्टर सिर्फ एक पक्ष की प्रतिक्रिया को दिखा रहा है, तो यह पूरी सच्चाई नहीं होगी। ऐसे में रिपोर्टिंग पक्षपातपूर्ण लग सकती है। इसलिए घटनाओं का पूरा संदर्भ देना जरूरी है- ना सिर्फ विजुअल्स के जरिए बल्कि भाषा और प्रस्तुतिकरण के माध्यम से भी।
उन्होंने कहा कि एक और बड़ी जिम्मेदारी है- विक्टिम या पीड़ित से संवाद करते समय मानवीय दृष्टिकोण अपनाना। जब कोई व्यक्ति किसी त्रासदी से गुजर रहा होता है, तब उससे सवाल पूछने की शैली, हमारी आवाज का लहजा और इस्तेमाल की गई भाषा बेहद अहम हो जाती है। कई बार पीड़ित अपनी बात खुद कहने में सक्षम होता है, जरूरत होती है केवल सही तरीके से उसे बोलने का मौका देने की।
दूसरे पहलुओं की बात करें तो जब रिपोर्टर घटना के शुरुआती घंटों में ही "सभी राज" खोलने या पूरे इतिहास को समझाने की कोशिश करता है, तो यह अनावश्यक दबाव और ग़लत रिपोर्टिंग का कारण बनता है। एडिटर्स को भी यह समझना चाहिए कि रिपोर्टर की पहली प्राथमिकता "वस्तुस्थिति" को समझना और बताना है, न कि तुरंत कोई निष्कर्ष पर पहुंचना।
उन्होंने आगे बताया कि दो समुदायों के बीच दंगे की कवरेज में भी यह देखा गया है कि भले ही रिपोर्टर समुदायों का नाम ना लें, लेकिन विजुअल्स के जरिए अप्रत्यक्ष रूप से वह बात सामने आ जाती है। ऐसे में जरूरी है कि पत्रकार विजुअल्स को चुनते समय उसके संदर्भ को लेकर सजग रहें। यदि संदर्भ स्पष्ट नहीं है, तो विजुअल्स भ्रामक हो सकते हैं और रिपोर्टिंग भटक सकती है।
अंत में उन्होंने कहा कि जो भी पत्रकार ग्राउंड पर जाता है, उसे ये समझना चाहिए कि उसकी प्राथमिक जिम्मेदारी सूचनाएं पहुंचाना है, जजमेंट देना नहीं। रिपोर्टिंग वस्तुनिष्ठ और संतुलित होनी चाहिए। जैसे-जैसे घटनाएं आगे बढ़ती हैं, रिपोर्टर को गहराई में जाकर उनके विभिन्न पहलुओं को समझाना होता है। लेकिन शुरुआती रिपोर्टिंग में संवेदनशीलता, विवेक और संतुलन बेहद जरूरी हैं।
मुझे लगता है कि ये सभी बातों को समझना और आत्मसात करना हर पत्रकार के लिए जरूरी है। अगर हम टीआरपी की दौड़ में इन मूलभूत सिद्धांतों को भूल जाते हैं, तो हम अपने पेशे और इसके कर्तव्यों के साथ न्याय नहीं कर रहे होते।
यहां देखें वीडियो:
टैग्स