होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / हरियाणा सरकार का पत्रकारों को तोहफा, इस तरह से अब हर साल बढ़ेगी पेंशन
हरियाणा सरकार का पत्रकारों को तोहफा, इस तरह से अब हर साल बढ़ेगी पेंशन
मुख्यमंत्री ने कहा कि फील्ड पर काम करने वाले मीडियाकर्मियों के अलावा डेस्क पर काम करने वाले पत्रकारों को भी ऐसी सभी योजनाओं से जोड़ने की हमारी योजना है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
हरियाणा सरकार ने पत्रकारों को एक बेहतरीन सौगात दी है। दरअसल यहां पत्रकारों की पेंशन को 10,000 रुपए से बढ़ाकर 11,000 रुपए कर दी गई है। अब यह पेंशन राशि महंगाई भत्ते (डीए) में वार्षिक वृद्धि के अनुपात में बढ़ेगी।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रविवार को समाचार पत्रों और समाचार एजेंसियों के कर्मचारी संगठनों के दो दिवसीय अखिल भारतीय मीडिया सम्मेलन के समापन सत्र की अध्यक्षता करते हुए यह घोषणा की। बैठक का आयोजन ‘द ट्रिब्यून इम्प्लॉइज यूनियन’ द्वारा किया गया था। इस मौके पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने पत्रकारों की पेंशन को लेकर यह बड़ी घोषणा की।
हरियाणा के मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उनकी सरकार पत्रकारों के लिए अतिरिक्त सुविधाओं पर विचार कर रही है, जिसकी घोषणा आने वाले दिनों में की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि फील्ड पर काम करने वाले मीडियाकर्मियों के अलावा डेस्क पर काम करने वाले पत्रकारों को भी ऐसी सभी योजनाओं से जोड़ने की हमारी योजना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मीडियाकर्मियों को अपने कर्तव्यों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने व उनको और सक्षम बनाने के लिए सरकार द्वारा 4000 किलोमीटर तक की मुफ्त मासिक बस यात्रा, पत्रकारों के आश्रितों के लिए आयुष्मान भारत योजना के दायरे का विस्तार करना, आधुनिक सुविधाएं से लैस मीडिया केंद्र शामिल करना, पत्रकार पेंशन और कई अन्य पहलें शामिल हैं।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आगे कहा कि प्रिंट मीडिया हमेशा प्रासंगिक और विश्वसनीय रहेगा और हितधारकों को आगे बढ़ने की जरूरत है। अनुकूल कार्य वातावरण सुनिश्चित करने और उभरती चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रिंट मीडिया उद्योग प्रतिबद्ध है।
टैग्स पत्रकार मनोहर लाल खट्टर पेंशन हरियाणा