होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / जन्मदिन विशेष: जब इस अखबार में नौकरी करते थे प्रेम चोपड़ा
जन्मदिन विशेष: जब इस अखबार में नौकरी करते थे प्रेम चोपड़ा
अपने 60 साल से ज्यादा के फिल्मी करियर में प्रेम चोपड़ा ने लगभग 400 फिल्मों में अपनी अदाकारी का लोहा मनवाया है, आज भी लोगों को याद हैं उनकी फिल्मों के कई डायलॉग
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
बॉलिवुड फिल्मों में अपनी खलनायकी के लिए मशहूर प्रेम चोपड़ा आज 84 साल के हो गए हैं। अपने 60 साल से ज्यादा के फिल्मी करियर में उन्होंने लगभग 400 फिल्मों में अपनी अदाकारी का लोहा मनवाया है। उनके कई डायलॉग जैसे-‘प्रेम नाम है मेरा’, ‘कर भला तो हो भला’, ‘नंगा नहाएगा क्या और निचोड़ेगा क्या’ और ‘मैं वो बला हूं जो शीशे से पत्थर को तोड़ता हूं’, आज भी लोगों को याद हैं। लेकिन, शायद ये बात कम ही लोगों को पता होगी कि फिल्मों में आने से पहले प्रेम चोपड़ा एक अंग्रेजी अखबार में काम करते थे।
दरअसल, फिल्म इंडस्ट्री में काम पाने के लिए जब प्रेम चोपड़ा मुंबई में संघर्ष कर रहे थे, उस दौरान काफी दिनों तक स्टूडियोज और प्रोडक्शन हाउसेज के चक्कर लगाने के बावजूद काम नहीं बना। इस बीच मुंबई जैसे बड़े शहर में रहने-खाने की व्यवस्था करने के लिए वे नौकरी की तलाश करने लगे। इसी दौरान उन्हें ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ के सर्कुलेशन डिपार्टमेंट में नौकरी मिल गई। अखबार की ओर से उन्हें बंगाल, ओडिसा (पूर्व में उड़ीसा) और बिहार में अखबार के सर्कुलेशन की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इस नौकरी में प्रेम चोपड़ा के सामने समस्या ये थी कि उन्हें महीने में करीब 20 दिन तक टूर पर रहना पड़ता है, ऐसे में ऑडिशन के लिए समय नहीं निकल पाता था। इस पर प्रेम चोपड़ा ने एक तरकीब ये निकाली कि जब भी वह बाहर जाते तो एजेंट्स को स्टेशन पर ही बुला लेते। ऐसे में उनका 20 दिन का टूर 12 दिन में ही खत्म हो जाता था और उन्हें स्टूडियो व प्रोडक्शन हाउसेज में जाने का समय मिल जाता।
ऐसे ही ट्रेन में सफर के दौरान एक अनजान शख्स ने प्रेम चोपड़ा से पूछा कि क्या वह फिल्मों में काम करना चाहते हैं? प्रेम चोपड़ा के हां कहने पर वह व्यक्ति उन्हें रंजीत स्टूडियो ले आया। यहां प्रेम चोपड़ा की मुलाकात जगजीत सेठी से हुई जो उन दिनों अपनी फिल्म 'चौधरी करनैल सिंह' के लिए हीरो तलाश रहे थे। उन्हें प्रेम चोपड़ा पसंद आ गए। ये फिल्म सुपरहिट रही और यहीं से प्रेम चोपड़ा के फिल्मी करियर की शुरुआत हो गई।
बता दें कि 23 सितंबर 1935 को लाहौर में प्रेम चोपड़ा का जन्म हुआ था। बाद में उनका परिवार शिमला में आकर बस गया। प्रेम चोपड़ा ने अपनी ऑटोबायोग्राफी का नाम भी 'प्रेम नाम है मेरा' रखा है।
टैग्स बॉलिवुड अभिनेता प्रेम चोपड़ा जन्मदिन विशेष