होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / हैप्पी बर्थडे शमशेर सिंह: नेतृत्व, लगन और निष्पक्ष पत्रकारिता के पर्याय हैं आप
हैप्पी बर्थडे शमशेर सिंह: नेतृत्व, लगन और निष्पक्ष पत्रकारिता के पर्याय हैं आप
आज जब हम टीवी पत्रकारिता की दुनिया के सबसे प्रभावशाली और भरोसेमंद चेहरों की बात करते हैं, तो वरिष्ठ टीवी पत्रकार शमशेर सिंह का नाम सहज रूप से सामने आता है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 7 months ago
आज जब हम टीवी पत्रकारिता की दुनिया के सबसे प्रभावशाली और भरोसेमंद चेहरों की बात करते हैं, तो वरिष्ठ टीवी पत्रकार शमशेर सिंह का नाम सहज रूप से सामने आता है। दो दशक से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय शमशेर सिंह आज न सिर्फ एक जाना-पहचाना नाम हैं, बल्कि न्यूजरूम में नेतृत्व की मिसाल, तेज संपादकीय दृष्टि और संगठन खड़ा करने की क्षमता के लिए भी पहचाने जाते हैं।
आज का दिन शमशेर सिंह के लिए काफी खास है, क्योंकि आज उनका जन्मदिन है। इस मौके पर जब हम उनके अब तक के सफर को देखते हैं, तो यह स्पष्ट होता है कि पत्रकारिता को उन्होंने सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी, एक मिशन और एक सतत साधना की तरह जिया है और आज भी उसी प्रतिबद्धता के साथ जी रहे हैं।
शमशेर सिंह सितंबर 2024 से ‘नेटवर्क18’ (Network18) समूह के साथ कंसल्टिंग एडिटर के रूप में जुड़े हुए हैं। यह भूमिका उनके अनुभव और रणनीतिक कौशल को उस स्तर पर ले जाती है, जहां वे ‘नेटवर्क18’ के हिंदी न्यूज ब्रैंड्स की संपादकीय दिशा तय करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वे कंटेंट की गुणवत्ता और प्रस्तुतिकरण, दोनों को लेकर बेहद सजग हैं और न्यूजरूम में निर्णयात्मक क्षमता के साथ-साथ टीम को प्रेरित करने की उनकी शैली उन्हें विशिष्ट बनाती है।
इससे पहले वे ‘इंडिया डेली लाइव’ (India Daily Live) चैनल में बतौर एडिटर-इन-चीफ सक्रिय रहे, जिसकी लॉन्चिंग उन्हीं के नेतृत्व में हुई। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने इस चैनल को एक स्पष्ट पहचान दी और यह साबित किया कि उनके पास न सिर्फ कंटेंट की पकड़ है, बल्कि एक विजन है, जो किसी भी न्यूज ब्रैंड को जमीन से उठाकर ऊंचाई तक ले जा सकता है। इससे पहले वे ‘भारत24’ (Bharat24) चैनल में मैनेजिंग एडिटर के तौर पर कार्यरत रहे, जहां उन्होंने चैनल की लॉन्चिंग से लेकर ऑपरेशनल सेटअप तक की कमान संभाली।
उनकी दो महत्वपूर्ण पारियां ‘जी हिन्दुस्तान’ (Zee Hindustan) के साथ भी जुड़ी रहीं। दूसरी पारी में वे चैनल के मैनेजिंग एडिटर थे, जहां उन्होंने Zee क्लस्टर-दो के नौ रीजनल चैनलों के साथ-साथ दक्षिण भारत की चार भाषाओं (तमिल, तेलुगू, कन्नड़ और मलयालम) में Zee के डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की लॉन्चिंग को नेतृत्व दिया। डिजिटल मीडिया में उनकी गहरी समझ और स्ट्रैटेजी का ही परिणाम था कि इतने व्यापक स्तर पर ये प्रोजेक्ट सफल हो सके। यही नहीं, कंटेंट और ब्रैंड बिल्डिंग में वे जमीनी हकीकत को समझकर फैसले लेने वाले पत्रकार हैं।
उनकी पहचान को मजबूती मिली ‘रिपब्लिक भारत’ (Republic Bharat) के साथ, जहां उन्होंने नवंबर 2018 में बतौर एडिटर चैनल की लॉन्चिंग की और शुरुआती समय में ही इसे दर्शकों के बीच स्थापित कर दिया। इससे पहले वे ‘इंडिया न्यूज’ (India News) में एडिटर (नेशनल अफेयर्स) रहे और ‘जी हिन्दुस्तान’ में पॉलिटिकल एडिटर के रूप में भी कार्य किया। ‘इंडिया टीवी’ (India TV) में उन्होंने करीब चार साल तक एडिटर (करंट अफेयर्स) के तौर पर सेवाएं दीं।
शमशेर सिंह की पत्रकारिता यात्रा की नींव पड़ी ‘आजतक’ (AajTak) से, जहां उन्होंने अप्रैल 1998 में बतौर रिपोर्टर शुरुआत की और 16 साल तक लगातार संस्थान का हिस्सा रहे। वे डिप्टी एडिटर तक पहुंचे और इस दौरान जापान की सुनामी, वॉशिंगटन न्यूक्लियर समिट, कोपनहेगन क्लाइमेट सम्मेलन और कई महत्वपूर्ण चुनावों को कवर किया। उनकी ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग, विषयों की समझ और प्रस्तुतिकरण की शैली पत्रकारिता के छात्रों के लिए आज भी उदाहरण है।
बेहतरीन रिपोर्टिंग के लिए शमशेर सिंह को प्रतिष्ठित रामनाथ गोयनका अवॉर्ड से नवाजा जा चुका है, जबकि पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिलीप सिंह पत्रकारिता सम्मान भी उन्हें मिल चुका है। राजनीति, सुरक्षा, कूटनीति और जियोपॉलिटिक्स जैसे जटिल विषयों पर उनकी पकड़ बहुत मजबूत है और यही वजह है कि वे हर न्यूजरूम में कंटेंट के स्तर को नई ऊंचाई देते रहे हैं।
मूल रूप से बिहार के पूर्णिया जिले से आने वाले शमशेर सिंह का व्यक्तित्व उतना ही सरल और अनुशासित है, जितना उनका प्रोफेशनल जीवन अनुशासित रहा है। वे सिर्फ ऑफिस में नहीं, निजी जीवन में भी पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ सक्रिय रहते हैं। रोजाना सुबह जिम जाना, नियमित रूप से योग और व्यायाम करना उनकी दिनचर्या का हिस्सा है और वे अपने साथियों को भी फिट और जागरूक रहने के लिए प्रेरित करते रहते हैं। यही नहीं, वे सोशल मीडिया पर भी खासे सक्रिय रहते हैं और इसके माध्यम से न सिर्फ न्यूज अपडेट साझा करते हैं, बल्कि पत्रकारिता, समाज और देश से जुड़े मुद्दों पर अपनी स्पष्ट राय भी रखते हैं।
टीवी पत्रकारिता में जो गहराई, विवेकशीलता, जिम्मेदारी और निरंतरता की जरूरत होती है, वह शमशेर सिंह के व्यक्तित्व में स्वाभाविक रूप से दिखाई देती है। वे आज भी खबरों को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ देखने में विश्वास रखते हैं। उनकी सोच यही रही है कि पत्रकारिता का मकसद दर्शकों को सच्चाई के करीब लाना है न कि सिर्फ टीआरपी के लिए शोरगुल मचाना।
आज शमशेर सिंह के जन्मदिन पर समाचार4मीडिया की ओर से उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं। वे निरंतर स्वस्थ, ऊर्जावान और प्रेरणास्पद बने रहें, और पत्रकारिता के क्षेत्र में अपने अनुभव, नेतृत्व और दूरदर्शी दृष्टिकोण से नए मानक स्थापित करते रहें।
टैग्स