होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / कोरोना से जान गंवाने वाले 67 पत्रकारों के परिजनों की केंद्र सरकार यूं करेगी मदद
कोरोना से जान गंवाने वाले 67 पत्रकारों के परिजनों की केंद्र सरकार यूं करेगी मदद
सरकार ने कोविड 19 से जान गंवाने वाले 26 और पत्रकारों समेत कुल 67 पत्रकारों के परिवारों को ‘पत्रकार कल्याण योजना‘ के तहत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
‘सूचना-प्रसारण मंत्रालय’ (MIB) ने कोरोनावायरस (कोविड 19) से जान गंवाने वाले 26 और पत्रकारों समेत कुल 67 पत्रकारों के परिवारों को ‘पत्रकार कल्याण योजना‘ (जेडब्ल्यूएस) के तहत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
इसके तहत केंद्र सरकार की ओर से इन पत्रकारों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। बता दें कि सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने पत्रकार कल्याण योजना के तहत कोविड-19 से जान गंवाने वाले पत्रकारों के परिवारों को सहायता प्रदान करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। इस योजना के तहत सरकार ने पिछले साल 41 पत्रकारों के परिवारों को इस तरह की सहायता की मंजूरी दी थी। इस प्रकार अब ये संख्या 67 हो गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में सचिव अमित खरे की अध्यक्षता में गुरुवार को पत्रकार कल्याण योजना समिति के इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। समिति ने कोविड के कारण अपनी जान गंवाने वाले पत्रकारों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना भी व्यक्त की।
समिति ने हर सप्ताह जेडब्ल्यूएस की बैठक आयोजित करने का भी निर्णय लिया, ताकि इस योजना के तहत वित्तीय सहायता वाले आवेदनों को त्वरित मंजूरी दी जा सके। समिति ने उन पत्रकारों के 11 परिवारों के आवेदनों पर भी विचार किया, जिनका निधन कोविड-19 के अलावा अन्य कारणों से हुआ है। बैठक में जयदीप भटनागर, प्रधान महानिदेशक, पीआईबी, विक्रम सहाय, संयुक्त सचिव (आईएंडबी) सहित अन्य सदस्यों ने भी भाग लिया।
टैग्स केंद्र सरकार कोविड-19 कोरोनावायरस पत्रकार कल्याण योजना जेडब्ल्यूएस वित्तीय सहायता