होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / इस विवाद में पत्रकार पर चढ़ा दी गाड़ी, मुश्किल से बची जान
इस विवाद में पत्रकार पर चढ़ा दी गाड़ी, मुश्किल से बची जान
घटना के दौरान अपने घर से कहीं जा रहे थे पीड़ित पत्रकार, आरोपित की तलाश में पुलिस कर रही छापेमारी
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
पत्रकारों पर आए दिन हो रहे हमलों की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। ऐसे ही एक मामले में बिहार के बेगूसराय में कुछ बदमाशों ने एक पत्रकार को गाड़ी से कुचलकर उसकी जान लेने का प्रयास किया।
बताया जाता है कि एक दैनिक अखबार के पत्रकार अजय शास्त्री गुरुवार को अपने घर नीमा चांदपुरा से बेगूसराय आ रहे थे। इसी दौरान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नीमा चांदपुरा रोड पर सामने से आ रही बोलेरो गाड़ी ने जानबूझकर उन्हें टक्कर मार दी।
गाड़ी की टक्कर लगने से अजय शास्त्री बुरी तरह से घायल हो गए और उनका एक पैर टूट गया। स्थानीय लोगों द्वारा आनन-फानन में अजय शास्त्री को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, पुलिस इस घटना को जमीन के विवाद से जुड़ा बता रही है।
पुलिस के अनुसार, अजय शास्त्री और उन्हीं के रिश्ते में लगने वाले चाचा मुसुक सिंह के बीच वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है। इसे लेकर दोनों के बीच कई बार हाथापाई और तू तू, मैं मैं भी हो चुकी है।
गुरुवार को जब अजय शास्त्री अपने घर से आ रहे थे तो मुसुक सिंह ने उन्हें जान से मारने का प्रयास किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपित मुसुक सिंह की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। बता दें कि आरोपित द्वारा अजय शास्त्री पर पूर्व में भी जानलेवा हमला किया गया था।
आप अपनी राय, सुझाव और खबरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। (हमें फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन और यूट्यूब पर फॉलो करें)
टैग्स पत्रकार पर हमला अपराध बेगूसराय अजय शास्त्री