होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / ‘NDTV’ के पूर्व ग्रुप एडिटर श्रीनिवासन जैन ने अब इस दिशा में बढ़ाए कदम
‘NDTV’ के पूर्व ग्रुप एडिटर श्रीनिवासन जैन ने अब इस दिशा में बढ़ाए कदम
बता दें कि जैन वर्ष 1995 से NDTV के साथ काम कर रहे थे, जहां से कुछ महीने पहले उन्होंने इस्तीफा दे दिया था।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
‘एनडीटीवी’ (NDTV) के पूर्व ग्रुप एडिटर श्रीनिवासन जैन ने अपनी नई पारी की शुरुआत की है। उन्होंने ‘जिंदल स्कूल ऑफ जर्नलिज्म’ (Jindal School of Journalism & Communication) में बतौर फैकल्टी जॉइन किया है।
इस नियुक्ति के बारे में ‘जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी’ (JGU) के वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) सी. राज कुमार का कहना है, ‘श्रीनिवासन जैन काफी उत्कृष्ट पत्रकार हैं और उनका अनुभव ‘JSJC’ और ‘JGU’ को कई मायनों में समृद्ध करेगा। उन्होंने एक पत्रकार के रूप में अपने करियर के दौरान हमेशा सच सामने रखा है और एक फैकल्टी मेंबर के रूप में हमारे विश्वविद्यालय में शामिल होने से नैतिकता और अखंडता के आधार पर पत्रकारिता और सार्वजनिक मामलों में करियर बनाने के लिए विद्यार्थियों में विश्वास पैदा होगा। जेएसजेसी के विद्यार्थियों को यहां सिनेमा, पत्रकारिता और कम्युनिकेशन में एक अभिनव और अंतःविषय पाठ्यक्रम के साथ अध्ययन करने का एक अनूठा अनुभव मिल रहा है जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय अवसरों की विस्तृत श्रृंखला प्रदान करता है।’
वहीं, अपनी नियुक्ति के बारे में श्रीनिवासन का कहना है, ‘टीवी न्यूज और पत्रकारिता में मेरे तीन दशकों का जो अनुभव है, उसका एक बेहतर पहलू यह भी है कि हमें न्यूजरूम में युवाओं के साथ काम करने और उन्हें प्रशिक्षित करने का अवसर मिला। मैं ओ.पी. जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी के जिंदल स्कूल ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन में एक फैकल्टी मेंबर के रूप में अपनी इस पारी में उस अनुभव का विस्तार करने के लिए उत्सुक हूं।’
बता दें कि जैन वर्ष 1995 से NDTV के साथ काम कर रहे थे, जहां से कुछ महीने पहले उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। वह NDTV 24x7 पर साप्ताहिक शो ‘Truth vs Hype’ की एंकरिंग करते थे। वह वर्ष 2003 से 2008 तक मुंबई ब्यूरो चीफ रहे और NDTV के बिजनेस चैनल ‘प्रॉफिट’ (Profit) के प्रबंध संपादक रहे थे। इसके अलावा उन्होंने ‘बिजनेस स्टैंडर्ड’ (Business Standard) के लिए संपादकीय भी लिखे हैं।
टैग्स एनडीटीवी श्रीनिवासन जैन जिंदल स्कूल ऑफ जर्नलिज्म फैकल्टी