होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / हिन्दुस्तान के पत्रकार को गोली मारी, हालत गंभीर
हिन्दुस्तान के पत्रकार को गोली मारी, हालत गंभीर
मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम, मामले की जांच में जुटी पुलिस
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
पत्रकारों पर हमले की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। इस लिस्ट में अब एक और मामला जुड़ गया है। यह मामला उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले का है, जहां कुछ लोगों ने हिन्दुस्तान के रिपोर्टर रमेश मिश्र को गोली मार दी। 46 वर्षीय रमेश मिश्र की पीठ में बायीं ओर गोली लगी है। गंभीर हालत में उन्हें लखनऊ रेफर किया गया है।
बताया जाता है कि लखीमपुर में खमरिया के मोहल्ला स्वरूपनगर निवासी रमेश मिश्र घटना के दौरान बाइक पर कहीं से लौट रहे थे। बाइक डॉ. शैलेन्द्र मिश्र चला रहे थे। इस बीच शाम करीब साढ़े पांच बजे नहर पटरी पर कमला डिग्री कालेज के पास बदमाशों ने रमेश मिश्र को गोली मार दी, जो उनकी पीठ में लगी। वारदात को अंजाम देकर बाइक सवार बदमाश फरार हो गए। गोली लगने से घायल रमेश मिश्र को जिला अस्पताल ले जाया गया।
पत्रकार को गोली मारने की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों समेत कई पत्रकार अस्पताल पहुंच गए। पत्रकार ने किसी से दुश्मनी से इन्कार किया है। फिलहाल दो विवादों की चर्चा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, रमेश मिश्र की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया है।
टैग्स पत्रकार पर हमला पत्रकार को गोली मारी रमेश मिश्र