होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / इंटरव्यू के दौरान पत्रकार पर भड़के ‘RAW’ के पूर्व चीफ, जमकर की अभद्रता
इंटरव्यू के दौरान पत्रकार पर भड़के ‘RAW’ के पूर्व चीफ, जमकर की अभद्रता
समाचार4मीडिया से बातचीत में जितेश जेठानंदानी ने बताया कि इस इंटरव्यू के दौरान पाकिस्तान दौरे और कश्मीर जैसे मुद्दों पर सवाल पूछने पर दुलत कैमरे के सामने ही गाली-गलौज पर उतर आए और हाथापाई की कोशिश की।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 8 months ago
‘रिसर्च एंड एनालिसिस विंग’ (रॉ) के पूर्व प्रमुख अमरजीत सिंह दुलत एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे ‘भारत रफ्तार’ (Bharat Raftaar) टीवी के पत्रकार जितेश जेठानंदानी से बातचीत के दौरान आपा खोते हुए नजर आते हैं।
समाचार4मीडिया से बातचीत में जितेश जेठानंदानी ने बताया कि इस इंटरव्यू के दौरान पाकिस्तान दौरे और कश्मीर जैसे मुद्दों पर सवाल पूछने पर दुलत कैमरे के सामने ही गाली-गलौज पर उतर आए और हाथापाई की कोशिश की।
जितेश के अनुसार, वह हाल ही में जयपुर में पिंक सिटी प्रेस क्लब के पास स्थित एक होटल में दुलत का इंटरव्यू करने गए थे। इस दौरान जब उन्होंने दुलत से उनके हालिया पाकिस्तान दौरे को लेकर सवाल किया, तो दुलत ने गुस्से में अपना आपा खो दिया और काफी आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया।
इसके साथ ही जब जितेश ने दुलत से पूछा कि वे राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में कैसे शामिल हुए, तो दुलत ने कहा, ‘राहुल गांधी का फोन आया था और मैं यात्रा में शामिल हो गया। हां, मेरी सोच कांग्रेस के साथ मेल खाती है। मैंने कांग्रेस के शासनकाल में ही सेवा की है।’
कश्मीर में 1990 के दशक में हुए कश्मीरी पंडितों के नरसंहार पर सवाल पूछे जाने पर दुलत ने इस मुद्दे को हल्का करार देते हुए कहा, ’उस वक्त दिल्ली से नाराज़ वही लोग थे। उन्होंने सिर्फ पंडितों को नहीं मारा, उस समय ज़्यादा मुसलमान मारे गए।’
जितेश के अनुसार, इस इंटरव्यू के दौरान दुलत ने यह स्वीकार किया कि उनके पाकिस्तान में संपर्क हैं। हालांकि, जब उनसे हालिया पाकिस्तान दौरे के बारे में सवाल किया गया तो वे बुरी तरह भड़क उठे। यह सवाल उनकी किताब The Spy Chronicles: RAW, ISI and the Illusion of Peace के संदर्भ में पूछा गया था जिसे उन्होंने ISI के पूर्व अधिकारी असद दुर्रानी के साथ मिलकर लिखा है।
गौरतलब है कि दुलत इससे पहले भी अपने बयानों को लेकर विवादों में रह चुके हैं। उन्होंने वर्ष 2019 में रिलीज हुई फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ को एकतरफा और प्रचारपरक बताते हुए ‘प्रोपेगेंडा’ करार दिया था। इसके अलावा, पुलवामा आतंकी हमले को लेकर उन्होंने एक साक्षात्कार में यह टिप्पणी की थी कि यह हमला ’भारतीय जनता पार्टी के लिए एक गिफ्ट जैसा साबित हुआ’, जिसके बाद उन्हें काफी आलोचना का सामना करना पड़ा था।
जितेश के साथ दुलत के इस तरह के अभद्र व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो पर तमाम यूजर्स ने अपनी प्रतिक्रिया भी दी है।
न्यूज एजेंसी ‘एएनआई’ की एडिटर स्मिता प्रकाश ने अपने एक्स (X) हैंडल पर लिखा है, ‘हे भगवान! दुलत जी सच में सवालों की लाइन से काफी गुस्सा हो गए (हेडफोन लगाकर सुनें)। जो लोग नहीं जानते, वे जान लें कि वह एक प्रसिद्ध लेखक हैं, रॉ के पूर्व प्रमुख रहे हैं, और पीएम वाजपेयी के समय जम्मू-कश्मीर के सलाहकार भी रह चुके हैं।’
Good Lord! Mr Dulat really got riled up with the line of questioning (use headphones).
— Smita Prakash (@smitaprakash) May 21, 2025
For those who do not know, he is a famous author, former Chief of RAW, former advisor on JK to PM Vajpayee pic.twitter.com/8Ai6uatpVs
वहीं, ‘टीवी9 नेटवर्क’ के एग्जिक्यूटिव एडिटर आदित्य राज कौल ने ‘एक्स’ पर लिखा है, ‘एएस दुलत इस इंटरव्यू में अपनी असलियत दिखा रहे हैं। मैंने हमेशा कहा है कि भारत सरकार को यह जांच करनी चाहिए कि उनके कार्यकाल के दौरान IB और R&AW जैसे शीर्ष राष्ट्रीय सुरक्षा संगठनों को आवंटित फंड्स कहां खर्च हुए। उनके बारे में अभी बहुत कुछ कहा जाना बाकी है।’
AS Dulat showing his true colours in this interview. I’ve always said Government of India should hold an audit of where funds allocated to IB/R&AW went during his tenure in these top National Security organisations. Lots left to be said about him. pic.twitter.com/WBgtkKD1fF
— Aditya Raj Kaul (@AdityaRajKaul) May 21, 2025
बता दें कि जितेश जेठानंदानी के पास क्षेत्रीय और राष्ट्रीय चैनलों के साथ काम करने का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने TV9 भारतवर्ष में राजस्थान ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य किया है, इसके अलावा IANS, इंडिया न्यूज, फर्स्ट इंडिया न्यूज और JAN टीवी न्यूज चैनल के साथ भी काम कर चुके हैं। वर्तमान में वह ‘भारत रफ्तार’ टीवी में डायरेक्टर के पद पर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
वायरल वीडियो क्लिप आप यहां देख सकते हैं।
टैग्स