होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / Enba 2021: 30 अप्रैल को घोषित होंगे विजेताओं के नाम, अनुराग ठाकुर होंगे मुख्य अतिथि
enba 2021: 30 अप्रैल को घोषित होंगे विजेताओं के नाम, अनुराग ठाकुर होंगे मुख्य अतिथि
विजेताओं का चुनाव करने के लिए 15 और 16 अप्रैल 2022 को दिल्ली के ‘द ललित’ होटल में जूरी मीट का आयोजन किया गया।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
‘एक्सचेंज4मीडिया’ द्वारा हर साल दिए जाने वाले बहुप्रतिष्ठित ‘एक्सचेंज4मीडिया न्यूज ब्रॉडकास्टिंग अवॉर्ड्स’ के विजेताओं का चयन कर लिया गया है। 30 अप्रैल को दिल्ली के ‘द इंपीरियल’ होटल में आयोजित होने वाले एक समारोह में इन विजेताओं के नामों की घोषणा की जाएगी। शाम साढ़े पांच बजे से होने वाले इस कार्यक्रम में केंद्रीय सूचना-प्रसारण, युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर मुख्य अतिथि होंगे।
जुलाई 2021 में सूचना-प्रसारण मंत्रालय का प्रभार संभालने वाले अनुराग ठाकुर, हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से सांसद हैं। पूर्व में वह वित्त और कॉर्पोरेट मामलों के राज्य मंत्री के रूप में कार्य कर चुके हैं। उन्होंने आईटी मामलों की संसदीय समिति के चेयरमैन और लोक लेखा समिति के सदस्य के रूप में भी कार्य किया है।
16वीं लोकसभा के दौरान, उन्हें मुख्य सचेतक (लोकसभा) के रूप में नियुक्त किया गया, जो इस पद को संभालने वाले सबसे कम उम्र के व्यक्ति बन गए। वह विश्व व्यापार संगठन की संसदीय समिति और संचालन समिति में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। 2019 में उन्हें एक सांसद के रूप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए संसद रतन पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। ठाकुर को सामाजिक कल्याण के लिए विशेष रूप से स्वास्थ्य देखभाल, शिक्षा और खेल के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान के लिए चैंपियंस ऑफ चेंज 2019 पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।
बता दें कि देश में टेलिविजन न्यूज इंडस्ट्री को नई दिशा देने और इंडस्ट्री को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने में अहम योगदान देने वालों को सम्मानित करने के लिए हर साल ‘एक्सचेंज4मीडिया’ द्वारा ‘एक्सचेंज4मीडिया न्यूज ब्रॉडकास्टिंग अवॉर्ड्स’ दिए जाते हैं। वर्ष 2008 में इसकी शुरुआत की गई थी। ‘इनबा’ का यह 14वां एडिशन है।
तमाम एंट्रीज में से विजेताओं का चुनाव करने के लिए 15 और 16 अप्रैल 2022 को लगातार दो दिन दिल्ली के ‘द ललित’ (The Lalit) होटल में जूरी मीट का आयोजन किया गया। राज्य सभा के डिप्टी चेयरमैन हरिवंश नारायण सिंह की अध्यक्षता में हुई इस जूरी मीट में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी तमाम हस्तियां शामिल हुईं।
टैग्स इनबा हरिवंश नारायण सिंह एक्सचेंज4मीडिया न्यू्ज ब्रॉडकास्टिंग अवॉर्ड्स इनबा2021 जूरी झलकियां