होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / दूरदर्शन ने अब इस भाषा में भी शुरू किया कार्यक्रमों का प्रसारण
दूरदर्शन ने अब इस भाषा में भी शुरू किया कार्यक्रमों का प्रसारण
दूरदर्शन के गोरखपुर केंद्र से प्रसारित होने वाले ये कार्यक्रम उत्तर प्रदेश के साथ बिहार व नेपाल के दर्शक भी देख सकेंगे।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
दूरदर्शन पर हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू या अन्य भाषाओं के साथ ही अब भोजपुरी भाषा में भी कार्यक्रमों का प्रसारण शुरू हो गया है। 11 दिसंबर को सुबह 11 बजे से डीडी उत्तर प्रदेश पर इसकी शुरुआत की गई। भोजपुरी के विविध कार्यक्रम सप्ताह भर दिन में 11 बजे से 11:30 बजे तक व रात्रि में 8 बजे से 8:30 बजे तक प्रसारित किए जाएंगे। यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश के साथ बिहार व नेपाल के दर्शक भी देख सकेंगे।
लंबे समय से पूर्वांचल के लोगों की मांग पूरी हो जाने से यहां काफी उल्लास का माहौल है। बता दें कि इस दिशा में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने बड़ा कदम उठाया था। तीन दिसंबर को एक कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सूचना-प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने दूरदर्शन गोरखपुर केंद्र पर स्थापित भू उपग्रह केंद्र का लोकार्पण किया था।
उस समय अनुराग ठाकुर ने घोषणा की थी कि दूरदर्शन गोरखपुर 11 दिसंबर 2021 से रोजाना एक घंटे का भोजपुरी प्रसारण करेगा, जिससे इस क्षेत्र की बोली एवं संस्कृति का व्यापक रूप से प्रचार-प्रसार होगा और डीटीएच के माध्यम से देश में भोजपुरी कार्यक्रमों को देखा व सुना जा सकेगा।
उनका कहना था कि इन कार्यक्रमों में भोजपुरिया संस्कृति के विविध रंग देखने के लिए मिलेंगे। इन कार्यक्रमों में भोजपुरी लोकगीत तथा लघु नाटिकाएं, भोजपुरी बोली क्षेत्र में मौजूद प्राचीन धरोहरों एवं परंपराओं पर रूपक एवं डॉक्यूमेंट्री को शामिल किया जाएगा। इनके अलावा क्षेत्र में हो रही विकास योजनाओं पर आधारित कार्यक्रमों के अलावा युवाओं की समस्याओं एवं महिलाओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विभिन्न प्रारूपों में कार्यक्रम निर्मित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में भोजपुरी बोली और स्थानीय परंपराओं के साथ-साथ कला एवं साहित्य को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
टैग्स प्रसार भारती दूरदर्शन डीडी अनुराग ठाकुर भोजपुरी कार्यक्रम गोरखपुर केंद्र