होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / सूचना-प्रसारण मंत्री ने दी जानकारी, डेढ़ साल से क्यों खाली है प्रसार भारती के DG का पद
सूचना-प्रसारण मंत्री ने दी जानकारी, डेढ़ साल से क्यों खाली है प्रसार भारती के DG का पद
दूरदर्शन और आकाशवाणी के डायरेक्टर जनरल के पद उपयुक्त उम्मीदवारों की अनुपस्थिति में अभी तक नहीं भरे जा सके हैं, लिहाजा ये पद क्रमशः सितंबर और दिसंबर 2019 से खाली हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
दूरदर्शन और आकाशवाणी के डायरेक्टर जनरल के पद उपयुक्त उम्मीदवारों की अनुपस्थिति में अभी तक नहीं भरे जा सके हैं, लिहाजा ये पद क्रमशः सितंबर और दिसंबर 2019 से खाली हैं। केंद्र सरकार ने गुरुवार को राज्यसभा में यह जानकारी दी है।
प्रसार भारती के पूर्व सीईओ और टीएमसी सांसद जवाहर सरकार के एक अतारांकित सवाल के जवाब में केंद्रीय सूचना-प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, ‘डीडी न्यूज के डायरेक्टर जनरल को दूरदर्शन के डायरेक्टर जनरल का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। इसी तरह एनएसडी के प्रिंसिपल डायरेक्टर जनरल को आकाशवाणी का डायरेक्टर जनरल का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।
मंत्री ने कहा कि रिक्तियों को क्रमशः 4 सितंबर, 2019 और 23 जनवरी, 2020 को परिचालित किया गया था, लेकिन ये उपयुक्त उम्मीदवारों की अनुपस्थिति में नहीं भरे जा सके हैं।
जवाहर सरकार ने यह भी जानना चाहा कि प्रसार भारती में अध्यक्ष के पद को डेढ़ साल के लिए खाली रखने की क्या वजह है और यह अच्छी तरह से जानते हुए कि यह स्वायत्त संगठन को कमजोर करेगा? उन्होंने आगे पूछा कि नवंबर, 2016 से पूर्णकालिक कार्मिक सदस्य के सर्वोच्च पद को 6 वर्ष 8 माह तक रिक्त रखना भी इस कदम का हिस्सा है?
इस पर सूचना-प्रसारण मंत्री ने कहा, ‘प्रसार भारती के सीईओ (मुख्य कार्यकारी अधिकारी), प्रसार भारती (भारतीय प्रसारण निगम) अधिनियम, 1990 की धारा 8 के अनुसार बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में कार्य कर रहे हैं। सदस्य (कार्मिक) के पद हेतु विज्ञापन दिया गया था, जिसको लेकर आवेदन प्राप्त हुए हैं।
टैग्स प्रसार भारती दूरदर्शन आकाशवाणी जवाहर सरकार सूचना और प्रसारण मंत्री अध्यक्ष पद