होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / ऑटो में जा रही महिला पत्रकार के साथ हो गई ये वारदात
ऑटो में जा रही महिला पत्रकार के साथ हो गई ये वारदात
अप्रैल में घर के पास से महिला पत्रकार का मोबाइल झपटकर ले गए थे दो बदमाश
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
दिल्ली में एक अंग्रेजी अखबार की महिला पत्रकार से मोबाइल झपटने का मामला सामने आया है। महिला पत्रकार के साथ यह वारदात गुरुवार की सुबह दरियागंज इलाके में डीसीपी ऑफिस से महज सौ मीटर की दूरी पर हुई।
दरियागंज निवासी 45 वर्षीय महिला पत्रकार ने अपनी शिकायत में बताया है कि वह गुरुवार की सुबह किसी काम से दरियागंज से कनाट प्लेस ऑटो में बैठकर जा रही थीं। इस दौरान उन्होंने अपना फोन हाथ में पकड़ा हुआ था। इसी दौरान सुबह करीब सवा दस बजे एक व्यक्ति ने उनके हाथ से मोबाइल झपट लिया और भागने लगा। महिला पत्रकार के अनुसार, उन्होंने अपना बैग ऑटो में ही छोड़ दिया और उस झपटमार का पीछा शुरू कर दिया, लेकिन वह हाथ नहीं आया और कुछ देर बाद ही नजरों से ओझल हो गया।
पीड़िता के अनुसार, जब उन्होंने अपने मोबाइल पर कॉल किया तो कुछ समय तक घंटी जाती रही, लेकिन किसी ने नहीं उठाया। गूगल की मदद से ट्रैक करने पर उसकी लोकेशन दरियागंज में दिखाई दी और बाद में फोन स्विच ऑफ हो गया।
महिला पत्रकार का यह भी कहना था कि अप्रैल में भी घर के पास से दो लोगों ने उनका मोबाइल झपट लिया था। बता दें कि इसी मीडिया संस्थान के 32 वर्षीय पत्रकार से 16 अक्टूबर को दिल्ली के अशोक नगर इलाके में अज्ञात बदमाश ने मोबाइल झपट लिया था।
टैग्स महिला पत्रकार झपटमारी पत्रकार से लूट मोबाइल छीना