होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / 'मीडिया संवाद' कार्यक्रम में अपने विचार रखेंगे 'आजतक' के सलाहकार संपादक सुधीर चौधरी
'मीडिया संवाद' कार्यक्रम में अपने विचार रखेंगे 'आजतक' के सलाहकार संपादक सुधीर चौधरी
'मीडिया संवाद 2024' कार्यक्रम में जाने-माने न्यूज एंकर और 'आजतक' में सलाहकार संपादक सुधीर चौधरी प्रमुख वक्ता होंगे। वह इस कार्यक्रम में प्रतिष्ठित जूरी सदस्य भी हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 1 year ago
एक्सचेंज4मीडिया (exchange4media) समूह की हिंदी वेबसाइट 'समाचार4मीडिया' (samachar4media.com) द्वारा तैयार की जा रही 'समाचार4मीडिया पत्रकारिता 40 अंडर 40’ (40 Under 40)' की लिस्ट से 12 अगस्त 2024 को पर्दा उठ जाएगा। दिल्ली में स्थित ‘इंडिया इंटरनेशनल सेंटर’ (IIC) के मल्टीपर्पज हॉल में आयोजित एक कार्यक्रम में इस लिस्ट में शामिल हुए प्रतिभाशाली पत्रकारों के नामों की घोषणा की जाएगी और उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा। उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक इस कार्यक्रम में पहले एडिशन की तरह एक बार फिर मुख्य अतिथि होंगे। यह इस कार्यक्रम का तीसरा एडिशन है।
बता दें कि पुरस्कार वितरण समारोह से पहले 'मीडिया संवाद 2024' कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। 12 अगस्त को सुबह नौ बजे से होने वाले इस कार्यक्रम में विभिन्न पैनल चर्चा और वक्ताओं का संबोधन शामिल होगा, जिसमें जाने-माने न्यूज एंकर और 'आजतक' में सलाहकार संपादक सुधीर चौधरी प्रमुख वक्ता होंगे। वह इस कार्यक्रम में प्रतिष्ठित जूरी सदस्य भी हैं।
गौरतलब है कि जाने-माने टीवी पत्रकार और ‘आजतक’ के कंसल्टिंग एडिटर सुधीर चौधरी आज मीडिया जगत में किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। वह एक ऐसे इंसान हैं, जिन्होंने टीवी पत्रकारिता में हमेशा नए प्रयोग किए हैं और सफल भी हुए हैं।
दरअसल, फील्ड रिपोर्टिंग से लेकर एंकरिंग तक ऐसा कोई काम नहीं है जो सुधीर चौधरी ने नहीं किया है। वर्तमान समय में ‘आजतक’ पर रात 9 बजे आने वाले उनके प्राइम टाइम शो ‘ब्लैक&व्हाइट’ के बहुसंख्य दर्शक हैं। लोग इस शो को काफी पसंद करते हैं। अपनी रिसर्च से कई बार वह लोगों को चौंका देते हैं। उनके प्राइम टाइम में ऐसी खबरें होती हैं, जो न सिर्फ सामाजिक सरोकार से जुड़ी होती हैं, बल्कि लोगों के ज्ञान को भी बढ़ाती हैं।
आपको यह जानकार हैरानी होगी कि जब ‘ब्लैक&व्हाइट’ का कंटेंट तैयार किया जाता है तो उसमें महिलाओं और बच्चों का भी पूरा ध्यान रखा जाता है। ऐसा इसलिए क्योंकि सुधीर चौधरी और उनकी पूरी टीम जानती है कि लोग क्या देखना चाहते हैं, लिहाजा उसी तरह का कंटेंट वे अपने शो में देते हैं। यही वजह है कि आज उनका प्राइम टाइम शो लगातार आगे बढ़ रहा है और लोगों के दिलों पर राज कर रहा है।
‘इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन’ (IIMC) से पढ़कर निकले सुधीर चौधरी ने करियर के शुरुआती दौर में ही अपना लक्ष्य सोच लिया था और जैसे अर्जुन को सिर्फ चिड़िया की आंख दिखाई देती थी, उसी तरह सुधीर चौधरी को सिर्फ अपने लक्ष्य दिखाई देते हैं और उन्हें पाने के लिए वो दिन-रात एक कर देते हैं। टीवी में छोटे पद से लेकर कंसल्टिंग एडिटर तक का सफर उन्होंने तय किया है।
आज ट्विटर पर सुधीर चौधरी के साढ़े सात मिलियन से अधिक फॉलोअर्स हैं और इस लिहाज से भी वह सबसे प्रसिद्ध एंकर्स में से एक हैं।
सुधीर चौधरी ने अलग-अलग संस्थानों में काम करते हुए कई बड़े मुद्दों को कवर किया है। उन्होंने लोकसभा चुनावों के साथ कई राज्यों के विधानसभा चुनावों को भी कवर किया है। इसके अलावा उन्होंने तमाम बड़े राजनेताओं के साक्षात्कार भी किए हैं। सुधीर चौधरी उन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्तोत्र हैं, जो पत्रकारिता जगत में कदम रख रहे हैं। बहुत ही कम समय में उन्होंने न केवल आसमान की बुलंदियों को छुआ है, बल्कि वे अब अपनी दमदार एंकरिंग और अपनी प्रतिभा से मीडिया जगत में एक चमकता सितारा हैं।
टैग्स आजतक सुधीर चौधरी कंसल्टिंग एडिटर मीडिया संवाद 2024