होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / कोरोना के संकट काल में पत्रकारों के लिए कांग्रेस ने यूपी सरकार से की ये मांग
कोरोना के संकट काल में पत्रकारों के लिए कांग्रेस ने यूपी सरकार से की ये मांग
देशभर में कोरोना से संक्रमित मरीजों के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। कोविड-19 के खिलाफ ‘जंग’ में अग्रिम मोर्चे पर तैनात मीडियाकर्मी भी इसकी चपेट में आ चुके हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
देशभर में कोरोना से संक्रमित मरीजों के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। कोविड-19 के खिलाफ ‘जंग’ में अग्रिम मोर्चे पर तैनात मीडियाकर्मी भी इसकी चपेट में आ चुके हैं। ऐसे में कांग्रेस नेता व पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश सरकार से अपील की कि वो पत्रकारों के लिए विशेष प्रावधान करें। प्रियंका गांधी ने योगी सरकार से कहा कि कोरोनावायरस संकट के दौर में पत्रकार महत्वपूर्ण कर्तव्य को अंजाम दे रहे हैं, ऐसे में पत्रकारों को बीमा के दायरे में लाया जाए।
प्रियंका ने पत्रकारों के परिवार के सहानभुति जताते हुए ट्वीट किया, ‘कोरोना वायरस की चपेट में आए आगरा के एक वरिष्ठ पत्रकार की मृत्यु की खबर सुनकर बहुत दुख पहुंचा। भावपूर्ण श्रद्धांजलि....उनके परिजनों और पत्रकार जगत के मित्रों के साथ मेरी शोक संवेदनाएं।'
कोरोना की चपेट में आए आगरा के वरिष्ठ पत्रकार श्री पंकज कुलश्रेष्ठ जी की मृत्यु की खबर सुनकर बहुत दुख पहुंचा। भावपूर्ण श्रद्धांजलि।
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) May 8, 2020
उनके परिजनों व पत्रकार जगत के मित्रों के साथ मेरी शोक संवेदनाएं।
पत्रकार जन इस संकट में हम तक सूचनाएं पहुंचाने का महत्वपूर्ण काम कर रहे हैं।..1/2
उन्होंने कहा, ‘पत्रकार जन संकट के इस समय में खुद को जोखिम में डालकर हम तक सूचनाएं पहुंचाने का महत्वपूर्ण काम कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश सरकार को कोरोना वायरस की वजह से जान गंवाने वाले पत्रकार के परिवार के लिए आर्थिक सहायता और सभी पत्रकारों के लिए बीमा कवर की घोषणा करनी चाहिए।’
.. पंकज कुलश्रेष्ठ जी के परिवार को पूरी तरह से आर्थिक सहायता व सभी पत्रकारों के लिए एक बीमा कवर की घोषणा उत्तर प्रदेश सरकार को करनी चाहिए। 2/2
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) May 8, 2020
बता दें कि प्रियंका गांधी वाड्रा का ये बयान तब आया जब एक दिन पहले कोरोना संक्रमण की जद में आ चुके दैनिक जागरण, आगरा के वरिष्ठ पत्रकार पंकज कुलश्रेष्ठ गुरुवार अपनी जिंदगी की जंग हार गए और आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में उन्होंने आखिरी सांस ली। बता दें, कोरोना महामारी से देशभर के कई पत्रकार संक्रमित हो चुके हैं।
बता दें कि उत्तर प्रदेश के उन्नाव में भी एक महिला पत्रकार की रिपोर्ट पॉजिटिव आई हैं। फिलहाल उन्हें क्वारेंटाइन सेंटर में रखा गया है।
टैग्स पत्रकार कांग्रेस कोरोना