होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / समाचार प्लस के CEO उमेश कुमार की मुश्किलें बढ़ीं, सीबीआई ने लिया ये एक्शन
समाचार प्लस के CEO उमेश कुमार की मुश्किलें बढ़ीं, सीबीआई ने लिया ये एक्शन
विधायकों की खरीद-फरोख्त और स्टिंग से जुड़ा है यह मामला, सीबीआई ने उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत और पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत के खिलाफ भी उठाया कदम
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
विधायकों की खरीद-फ़रोख्त के आरोप में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के खिलाफ सीबीआई ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीबीआई ने वर्ष 2016 में हरीश रावत के खिलाफ बगावत कर उनकी सरकार गिराने और स्टिंग किए जाने के मामले में पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत और स्टिंग में शामिल ‘समाचार प्लस’ चैनल के सीईओ उमेश कुमार के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया है। उनके खिलाफ आपराधिक षड्यंत्र रचने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। उत्तराखंड हाई कोर्ट ने 30 सितंबर को सीबीआई को इस मामले में एफआईआर दर्ज करने की छूट दी थी। इसके बाद सीबीआई ने यह कदम उठाया है।
बता दें कि वर्ष 2016 में पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा और हरक सिंह रावत के नेतृत्व में नौ कांग्रेस विधायकों ने तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत के खिलाफ बगावत कर दी थी। इसके बाद केंद्र सरकार ने हरीश रावत सरकार को बर्खास्त कर राज्य में राष्ट्रपति शासन लगा दिया था। हरीश रावत इस मामले को हाई कोर्ट ले गए थे, जहां से उनकी सरकार बहाल हुई थी। इस दौरान चैनल द्वारा हरीश रावत का स्टिंग किया गया था, जिसमें वह विधायकों की खरीद-फरोख्त की बात करते दिखाई दिए थे।
इसी स्टिंग के आधार पर तत्कालीन राज्यपाल ने सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। सरकार बहाल होने के बाद हरीश रावत ने इस केस की जांच सीबीआई के बजाय एसआईटी से करवाने की सिफारिश की थी, लेकिन यह मामला सीबीआई के पास ही रहा। इसके बाद हरीश रावत गिरफ्तारी से बचने के लिए हाई कोर्ट की शरण में चले गए थे।
हाई कोर्ट ने सीबीआई को इस मामले में कोई भी कार्रवाई करने से पहले कोर्ट से अनुमति लेने के आदेश दिए थे। तीन सितंबर को सीबीआई ने हाई कोर्ट को यह जानकारी दी थी कि उसने इस केस की जांच पूरी कर ली है और वह जल्द ही इस मामले में एफ़आईआर दर्ज करना चाहती है। इसके बाद हाई कोर्ट ने सीबीआई को एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए थे।
टैग्स समाचार प्लस उमेश कुमार सीबीआई हरीश रावत हरक सिंह रावत