होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / ‘एडिटर्स क्लब ऑफ इंडिया’ का गठन, अमिताभ अग्निहोत्री को मिली कमान
‘एडिटर्स क्लब ऑफ इंडिया’ का गठन, अमिताभ अग्निहोत्री को मिली कमान
समाचार4मीडिया से बातचीत में अमिताभ अग्निहोत्री का कहना था कि एक नवंबर को क्लब की कार्यकारिणी गठित कर उसकी घोषणा की जाएगी।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 4 months ago
वरिष्ठ पत्रकार और ‘टीवी9’ (उप्र/उत्तराखंड) में कंसल्टिंग एडिटर अमिताभ अग्निहोत्री को नवगठित ‘एडिटर्स क्लब ऑफ इंडिया’ (Editors Club Of India) का प्रेजिडेंट चुना गया है।
समाचार4मीडिया से बातचीत में अमिताभ अग्निहोत्री का कहना था कि एक नवंबर को क्लब की कार्यकारिणी गठित कर उसकी घोषणा की जाएगी। ‘एडिटर्स क्लब’ का नया प्रेजिडेंट चुने जाने पर अमिताभ अग्निहोत्री का कहना था, ‘देश के तीसरे पायदान के शहरों और अर्धशहरी इलाकों में छोटे स्तर पर काम करने वाले पत्रकारों, जैसे यूट्यूब चैनल, छोटे अखबार या मैगजीन चलाने वालों की समस्याओं को सुनने के लिए कोई मंच नहीं है। ये लोग बहुमत में हैं, लेकिन बिना चुनाव के इस बहुमत का कोई मतलब नहीं। उनकी आवाज को राज्य या राष्ट्रीय स्तर पर सत्ता तक पहुंचाने की जरूरत है। इसके लिए एक ऐसा मंच चाहिए जो उनकी बात को उठाए और उनकी समस्याओं को हल करने में मदद करे, ताकि उनकी आवाज सुनी जाए।‘
उन्होंने आगे कहा कि छोटे शहरों में काम करने वाले पत्रकार और संपादक अक्सर राजनीतिक प्रतिशोध का शिकार हो जाते हैं और सत्ता उनके खिलाफ आक्रामक हो सकती है। ऐसे में उनके पास कोई मंच नहीं होता जो उनकी लड़ाई लड़ सके। Editors Club of India का उद्देश्य ऐसे पत्रकारों की आवाज बनना और उनकी लड़ाई लड़ना है। अग्निहोत्री ने जोर देकर कहा कि यह मंच सभी संपादकों, चाहे वे छोटे अखबार के हों या बड़े, बिना भेदभाव के स्वागत करेगा। इसका लक्ष्य दिल्ली, मुंबई जैसे बड़े शहरों तक सीमित न रहकर छोटे शहरों तक पहुंचना है, जहां हर संपादक अपनी बात रख सके।’
गौरतलब है कि पत्रकारिता में लंबे समय से सक्रिय रहने वाले अमिताभ अग्निहोत्री ने जीवन और पत्रकारिता में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। अमिताभ ने 1989 में ‘आईआईएमसी’, दिल्ली से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद करियर की शुरुआत ‘दैनिक जागरण’ से की। अमिताभ ‘दैनिक जागरण’ के दिल्ली से लॉन्च होने पर संस्थान का हिस्सा बने थे। 1994 में ‘आज‘ के नेशनल ब्यूरो में विशेष संवाददाता के रूप में भी काम किया। ‘आज‘ के बाद ‘दैनिक भास्कर‘ में भी तकरीबन 10 साल रहे। ‘दैनिक भास्कर‘ के बाद 2008 में ‘देशबन्धु‘ के स्थानीय संपादक बने।
इसके बाद उन्होंने ‘टोटल टीवी‘ में मैनेजिंग एडिटर के तौर पर अपनी शुरुआत की थी। हालांकि बाद में यहां से इस्तीफा देकर ‘समाचार प्लस‘ के प्रबंध संपादक बन गए। इसके बाद उन्होंने ‘इंडिया नाउ‘ समूह में बतौर एडिटर-इन-चीफ जॉइन कर लिया, पर कुछ कारणों के चलते चैनल लॉन्च ही नहीं हो सका। फिर यहां से बॉय बोलकर वह ‘के-न्यूज’ (K-NEWS) चैनल से बतौर सीईओ व एडिटर-इन-चीफ जुड़ गए।
‘के-न्यूज‘ के साथ करीब एक साल की पारी खेलने के बाद उन्होंने यहां से इस्तीफा दे दिया। यहां से बाय बोलकर ‘नेटवर्क18‘ (हिंदी नेटवर्क) में बतौर एग्जिक्यूटिव एडिटर अपनी जिम्मेदारी निभाने के बाद उन्होंने हिंदी न्यूज चैनल ‘आर9’ (R9) के साथ बतौर एडिटर-इन-चीफ अपनी नई पारी शुरू की थी, जहां से फिर उन्होंने इस्तीफा दे दिया था और अब ‘टीवी9’ नेटवर्क में अपनी भूमिका निभा रहे हैं।
अमिताभ अग्निहोत्री को पत्रकारिता के क्षेत्र में अपने अमूल्य योगदान के लिए कई बार पुरस्कृत भी किया जा चुका है। उन्हें मटुश्री, गणेशशंकर विद्यार्थी और यूनिवार्ता अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। 2013 में उन्हें समाचार4मीडिया द्वारा ‘मीडिया महारथी’ सम्मान से भी नवाजा जा चुका है।
टैग्स