होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / अरुण जेटली आए एक्शन में, चर्चा में है उठाया गया ये कदम
अरुण जेटली आए एक्शन में, चर्चा में है उठाया गया ये कदम
लोकसभा चुनाव में बीजेपी की भारी जीत के साथ ही मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का रास्ता साफ हो गया है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
लोकसभा चुनाव 2019 में भारी जीत मिलते ही बीजेपी के वरिष्ठ नेता अब आगे की प्लानिंग में जुट गए हैं। अपने खराब स्वास्थ्य को लेकर उड़ रहीं तमाम खबरों के बीच केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली पूरी तरह एक्शन में आ गए हैं। उन्होंने अपने आवास पर फाइनेंस सेक्रेटरी सुभाष चंद्र गर्ग समेत वित्त मंत्रालय के पांच सचिवों से मुलाकात की। जेटली से मुलाकात करने वालों में रेवेन्यू सेक्रेटरी अजय भूषण पांडेय, निवेश एवं लोक संपत्ति प्रबंधन विभाग (दीपम) के सचिव अतनु चक्रवर्ती और वित्तीय सेवा विभाग के सचिव राजीव कुमार भी शामिल थे। बताया जाता है कि इस मीटिंग में उन्होंने अगले बजट की कार्ययोजना की समीक्षा की।
वरिष्ठ अधिकारियों की जेटली से इस तरह मुलाकात के बाद इस बात की चर्चा जोरों पर है कि क्या खराब स्वास्थ्य के बीच जेटली नई सरकार में भी वित्त मंत्री बने रह सकते हैं? हालांकि यह स्पष्ट हो चुका है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हें नॉर्थ ब्लॉक में बनाए रखना चाहते हैं। वहीं, बैठक में शामिल अधिकारियों का कहना है कि जेटली का स्वास्थ्य ठीक है और वह एनडीए सरकार के दूसरे कार्यकाल में मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं।
इससे पहले ‘रॉयटर्स’ (Reuters) में पब्लिश एक रिपोर्ट में अज्ञात सूत्रों के हवाले से कहा गया था कि 66 वर्षीय जेटली को पिछले कई महीनों से खराब चल रहे स्वास्थ्य के कारण दोबारा वित्त मंत्री नहीं बनाया जा सकता है। ‘पीटीआई’ (PTI) ने भी खबर दी थी कि खराब स्वास्थ्य के कारण इलाज के लिए जेटली विदेश जा सकते हैं।
अब जबकि बीजेपी ने दमदार प्रदर्शन करते हुए सत्ता में वापसी की है, सभी लोगों की निगाहें नई सरकार के गठन पर टिकी हुई हैं कि किस नेता को कौन सा मंत्रालय दिया जा सकता है। चर्चाएं यह भी हैं कि नई कैबिनेट में कई नए चेहरों को शामिल करने के साथ ही पार्टी अध्यक्ष अमित शाह को नया फाइनेंस मिनिस्टर बनाया जा सकता है। नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह अगले हफ्ते होने की उम्मीद है और मंत्रियों का फैसला मोदी लेंगे।
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मंत्रिपरिषद ने अपना इस्तीफा दे दिया है, जिसे राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने स्वीकार कर लिया है। इसके बाद अब नई सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो करने के लिए यहां क्लिक कीजिए
टैग्स नरेंद्र मोदी पीएम मोदी बीजेपी अरुण जेटली चुनाव 2019 एनडीए सरकार मंत्रिमंडल