होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / अदार पूनावाला की कंपनी करेगी करण जौहर की 'धर्मा प्रोडक्शन्स' में बड़ा निवेश
अदार पूनावाला की कंपनी करेगी करण जौहर की 'धर्मा प्रोडक्शन्स' में बड़ा निवेश
भारतीय बिजनेसमैन अदार पूनावाला के नेतृत्व वाली 'सेरेन प्रोडक्शन्स' ने करण जौहर की कंपनी 'धर्मा प्रोडक्शन्स' और 'धर्मैटिक एंटरटेनमेंट' में 1000 करोड़ रुपये निवेश करने का ऐलान किया है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 1 year ago
भारतीय बिजनेसमैन अदार पूनावाला के नेतृत्व वाली 'सेरेन प्रोडक्शन्स' (Serene Productions) ने करण जौहर की कंपनी 'धर्मा प्रोडक्शन्स' (Dharma Productions) और 'धर्मैटिक एंटरटेनमेंट' (Dharmatic Entertainment) में 1000 करोड़ रुपये निवेश करने का ऐलान किया है। इस निवेश के तहत, सेरेन प्रोडक्शन्स को धर्मा में 50% हिस्सेदारी मिलेगी, जबकि बाकी 50% हिस्सेदारी करण जौहर के पास रहेगी। इस सौदे के अनुसार, धर्मा प्रोडक्शन्स का मूल्यांकन 2000 करोड़ रुपये आंका गया है।
करण जौहर धर्मा प्रोडक्शन्स के एग्जिक्यूटिव चेयरमैन के रूप में कंपनी की रचनात्मक दृष्टि को आगे बढ़ाएंगे, जबकि अपूर्व मेहता कंपनी के सीईओ के रूप में रणनीतिक दिशा और संचालन की देखरेख करेंगे।
एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में नई ऊंचाइयों की ओर कदम
प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि भारत की एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री तेजी से बढ़ रही है। डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की पहुंच बढ़ने और दर्शकों की रुचि में बदलाव के कारण, एंटरटेनमेंट की मांग हर प्लेटफॉर्म पर बढ़ रही है। इस साझेदारी का उद्देश्य धर्मा प्रोडक्शन्स की समृद्ध फिल्म निर्माण की विरासत को अदार पूनावाला की रणनीतिक विशेषज्ञता और संसाधनों के साथ मिलाकर इस मौके का लाभ उठाना है। साथ ही, इस सहयोग से कंटेंट निर्माण, वितरण और दर्शकों के साथ जुड़ाव के तरीके में नयापन लाने की योजना है, जिससे अत्याधुनिक तकनीक और उन्नत उत्पादन विधियों का इस्तेमाल किया जाएगा।
डिजिटल युग के दर्शकों को ध्यान में रखते हुए कंटेंट निर्माण
धर्मा और सेरेन प्रोडक्शन्स इस साझेदारी के माध्यम से नए जमाने के डिजिटल दर्शकों की मांगों को पूरा करने का प्रयास करेंगे। दोनों मिलकर मनोरंजन के भविष्य को आकार देने के लिए नए प्लेटफॉर्म्स और फॉर्मेट्स को अपनाएंगे, ताकि ऐसी कहानियां प्रस्तुत की जा सकें जो न केवल एंटरटेन करें, बल्कि प्रेरित भी करें और दर्शकों को जोड़े रखें।
यह साझेदारी भारतीय एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, खासकर जब आज के दौर में दर्शकों और मनोरंजन प्लेटफॉर्म्स के बीच संबंध अधिक गतिशील और इंटरैक्टिव हो गए हैं।
साझेदारी पर अदार पूनावाला और करण जौहर का बयान
इस महत्वपूर्ण साझेदारी के बारे में बात करते हुए, अदार पूनावाला ने कहा, "मैं इस देश के सबसे प्रतिष्ठित प्रॉडक्शन हाउस में से एक, धर्मा प्रोडक्शन्स के साथ साझेदारी करके बेहद खुश हूं। करण जौहर मेरे करीबी दोस्त हैं और उनके साथ मिलकर धर्मा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का हमारा सपना है।"
करण जौहर ने भी इस साझेदारी पर अपनी खुशी जताई। उन्होंने कहा, "धर्मा प्रोडक्शन्स हमेशा से भारतीय संस्कृति की भावनाओं को पर्दे पर लाने वाली कहानियों के लिए जाना जाता रहा है। मेरे पिता का सपना था कि वह ऐसी फिल्में बनाएं जो लंबे समय तक याद रहें। मैं अपनी पूरी करियर के दौरान इसी दिशा में काम करता रहा हूं। अब, अदार के साथ साझेदारी करके, जो एक दूरदर्शी और इनोवेटर हैं, हम धर्मा की इस विरासत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए तैयार हैं। यह साझेदारी हमारी इमोशनल कहानियों और भविष्य की बिजनेस रणनीतियों का बेहतरीन मेल है।"
धर्मा के सीईओ अपूर्व मेहता ने भी कहा, "धर्मा का सफर हमेशा से ही नए रास्तों की तलाश और कंटेंट के नए रूपों को अपनाने का रहा है। इस साझेदारी से हमें सिनेमा, स्ट्रीमिंग और वैश्विक कंटेंट को मिलाकर नई संभावनाओं का पता लगाने का मौका मिलेगा। यह निवेश हमें और बड़े क्रिएटिव कदम उठाने की अनुमति देगा, जिससे हम भारतीय मनोरंजन जगत को और ऊंचाई पर ले जा सकेंगे।"
टैग्स करण जौहर अदार पूनावाला धर्मा प्रोडक्शन्स सेरेन प्रोडक्शन्स