होम / डिजिटल / यहां ईरान से जुड़ीं कई न्यूज वेबसाइट्स पर लगी रोक
यहां ईरान से जुड़ीं कई न्यूज वेबसाइट्स पर लगी रोक
अमेरिका में मंगलवार को ईरान से जुड़ीं कई न्यूज वेबसाइट्स पर रोक लगा दी गई है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
अमेरिका में मंगलवार को ईरान से जुड़ीं कई न्यूज वेबसाइट्स पर रोक लगा दी गई है। बात दें कि इन पर दुष्प्रचार फैलाने के आरोप में के न्याय विभाग और वाणिज्य विभाग ने कार्रवाई की है।
इन वेबसाइट्स में ईरान की सरकारी मीडिया प्रेस टीवी की अंग्रेजी वेबसाइट, यमन के हूती विद्रोहियों का अल मसीराह सैटलाइट न्यूज चैनल और ईरान का सरकारी अरबी भाषा का टीवी चैनल अल-अलम शामिल है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका ने करीब तीन दर्जन वेबसाइट बंद की हैं, जिनमें से अधिकतर ईरान द्वारा किए जाने वाले दुष्प्रचार प्रयासों से जुड़ी थीं।
इन वेबसाइट्स पर जाने पर अमेरिका सरकार की ओर से अलर्ट आ रहा है। इस नोटिस में कहा गया कि अमेरिकी ब्यूरो ऑफ इंडस्ट्री एंड सिक्योरिटी, ऑफिस ऑफ एक्सपोर्ट इंफोर्समेंट और फेडरल ब्यूरो ऑफ इंवेस्टिगेशन द्वारा वेबसाइट्स को कानून प्रवर्तन कार्रवाई के हिस्से के रूप में सीज किया गया है। अमेरिकी सरकार ने समाचार वेबसाइट फिलिस्तीन टुडे का डोमेन नाम भी अपने कब्जे में ले लिया है। यह वेबसाइट गाजा में सक्रिय हमास और इस्लामिक जिहाद की विचारधारा को पेश करती थी। इस वेबसाइट पर भी वही नोटिस आ रहा है।
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच यह एक ऐसा कदम है, जिसे ईरानी मीडिया पर एक दूरगामी कार्रवाई के रूप में देखा जा सकता है।
अमेरिकी सरकार ने हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी ‘IRNA’ ने अमेरिकी सरकार द्वारा वेबसाइट बंद करने की घोषणा की, लेकिन इस मामले पर कोई विस्तृत जानकारी मुहैया नहीं कराई।
पिछले साल अमेरिका के न्याय विभाग ने ऐलान किया था कि उसने ईरान के शक्तिशाली रिवोल्यूशनरी गार्ड की करीब 100 वेबसाइट्स को बंद कर दिया है। तब अमेरिका ने कहा था कि ये वेबसाइट्स खुद को असली न्यूज वेबसाइट बताती हैं लेकिन असल में वे 'वैश्विक दुष्प्रचार अभियान' को चलाती हैं। इनका मकसद अमेरिका की नीतियों को प्रभावित करना और ईरानी प्रोपेगैंडा का दुनियाभर में प्रसार करना है।
अमेरिका ने यह कदम ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी के पदभार संभालने के कुछ ही दिन बाद उठाया है।
टैग्स अमेरिका ईरान न्यूज वेबसाइट्स दुष्प्रचार फैलाने का आरोप न्याय विभाग वाणिज्य विभाग