होम / डिजिटल / TikTok ने अपनी पूरी इंडियन टीम को दिखाया बाहर का रास्ता: रिपोर्ट
TikTok ने अपनी पूरी इंडियन टीम को दिखाया बाहर का रास्ता: रिपोर्ट
रिपोर्ट के अनुसार, इस शॉर्ट वीडियो ऐप की भारतीय टीम में शामिल करीब 40 एंप्लॉयीज को बाहर जाने को कह दिया गया है। 28 फरवरी इस कंपनी में उनका आखिरी दिन होगा।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
शॉर्ट वीडियो ऐप ‘टिकटॉक’ (TikTok) से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। जाने-माने बिजनेस न्यूज पोर्टल की एक रिपोर्ट के अनुसार, ‘टिकटॉक’ ने अपनी पूरी भारतीय टीम को पिंक स्लिप थमा दी है। रिपोर्ट के अनुसार, इस शॉर्ट वीडियो ऐप की इस भारतीय टीम में शामिल करीब 40 एंप्लॉयीज को बाहर जाने को कह दिया गया है।
निकाले गए इन एंप्लॉयीज को नौ महीने तक की सैलरी (severance pay) देने का वादा किया गया है। इस रिपोर्ट की मानें तो इन एंप्लॉयीज को कहा गया है कि 28 फरवरी इस कंपनी में उनका आखिरी दिन होगा। बता दें कि ‘टिकटॉक’ का स्वामित्व ‘बाइटडांस’ (ByteDance) कंपनी के पास है।
इस रिपोर्ट में सूत्र के हवाले से कहा गया है, ‘हमारी पूरी टीम को सूचित किया गया है। वैसे भी कुछ समय पहले हमें बताया गया था कि नौकरी की तलाश कर लें। वहीं, ‘टिकटॉक’ के प्रवक्ता के हवाले से इस रिपोर्ट में कहा गया है, ‘हमने भारत में अपने रिमोट सेल्स सपोर्ट हब को बंद करने का निर्णय लिया है, जिसे हमारी ग्लोबल और रीजनल सेल्स टीमों को सहायता प्रदान करने के लिए 2020 के अंत में शुरू किया गया था। हम अपने इन एंप्लॉयीज और हमारी कंपनी पर उनके प्रभाव की काफी सराहना करते हैं और यह सुनिश्चित करेंगे कि इस कठिन समय में उनका सपोर्ट किया जाए।’
गौरतलब है कि भारत में ‘टिकटॉक’ प्रतिबंधित है और यहां कार्यरत अधिकांश भारतीय एंप्लॉयीज दुबई व ब्राजील मार्केट के लिए काम कर रहे थे। जब भारत सरकार ने ‘टिकटॉक’ पर प्रतिबंध लगाया, तब देश में इसके 200 मिलियन से अधिक यूजर्स थे और देश को इसके सबसे बड़े विदेशी बाजार के रूप में देखा जाता था।
टैग्स छंटनी टिकटॉक लेऑफ पिंक स्लिप शॉर्ट वीडियो ऐप बाइटडांस