होम / डिजिटल / जल्द राजस्थान विधानसभा का डिजिटल चैनल होगा शुरू
जल्द राजस्थान विधानसभा का डिजिटल चैनल होगा शुरू
राजस्थान विधानसभा का जल्द ही एक डिजिटल चैनल शुरू किया जाएगा, जिस पर विधानसभा की कार्यवाही के अलावा लोकतांत्रिक क्रियाकलाप से जुड़े विषयों का प्रसारण किया जाएगा
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
राजस्थान विधानसभा का जल्द ही एक डिजिटल चैनल शुरू किया जाएगा, जिस पर विधानसभा की कार्यवाही के अलावा लोकतांत्रिक क्रियाकलाप से जुड़े विषयों का प्रसारण किया जाएगा। यह जानकारी विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने दी। उन्होंने कहा कि राजस्थान विधानसभा अपनी उत्पादकता के मामले में देश की शीर्षस्थ तीन-चार विधानसभाओं में अपना स्थान रखती है, लिहाजा इसे और भी प्रभावी बनाने के लिए यह कदम उठाया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि सप्ताह में एक घंटा प्रदेश के स्कूलों में इस चैनल का प्रसारण करने की भी योजना है, जिससे बच्चों को शुरू से ही लोकतांत्रिक संस्थाओं का परिचय और उनकी कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि इस पर अभी काम चल रहा है, लेकिन अगले एक सप्ताह के भीतर वॉट्सऐप चैनल शुरू किया जाएगा।
देवनानी सोमवार शाम जयपुर से राजसमंद जाते समय अल्प प्रवास पर भीलवाड़ा रुके थे। सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत में कहा कि हम आधुनिक तकनीक की ओर बढ़ रहे हैं।
विधानसभा की कार्यवाही के लाइव प्रसारण के सवाल पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान में विधानसभा की कार्यवाही का यूट्यूब चैनल के जरिए लाइव प्रसारण होता है। हमारी योजना है कि इसका डिजिटल चैनल प्रारंभ करें, इसके लिए प्लान बनाना शुरू कर दिया है। हम टेक्नोलॉजी की ओर बढ़ रहे हैं। हाल ही में मैं अहमदाबाद गया, वहां हर एक विधायक की टेबल पर लैपटॉप की तरह स्क्रीन लगी हुई थी, जिसमें सारे प्रश्न इस स्क्रीन पर आ जाते हैं। हम भी यह व्यवस्था शुरू करेंगे। वर्तमान में 80% पेपरलेस काम हो चुका है, 20% और काम करेंगे, जिससे बिना पेपर के विधानसभा में कार्यवाही चले।
टैग्स डिजिटल राजस्थान विधानसभा वासुदेव देवनानी