होम / डिजिटल / MIB ने इन तीन OTT प्लेटफॉर्म्स को दिया अश्लील कंटेंट हटाने का निर्देश: रिपोर्ट
MIB ने इन तीन OTT प्लेटफॉर्म्स को दिया अश्लील कंटेंट हटाने का निर्देश: रिपोर्ट
अश्लील कंटेंट पेश करने वाले ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर सूचना-प्रसारण मंत्रालय (I&B) ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
अश्लील कंटेंट पेश करने वाले ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर सूचना-प्रसारण मंत्रालय (I&B) ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मंत्रालय ने तीन प्लेटफॉर्म्स- हंटर्स, बेशरम और प्राइम प्ले को ऐसी कंटेंट हटाने या कार्रवाई का सामना करने का आदेश दिया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, यह पहली बार है जब ओटीटी प्लेटफॉर्म्स के खिलाफ अश्लीलता से संबंधित कानून के तहत यह आदेश जारी किए गए हैं। इंडियन एक्सप्रेस को सूत्रों ने बताया कि इन प्लेटफॉर्म्स पर विभिन्न वेब-सीरीज की जांच की गई और कंटेंट को प्रथम दृष्टया अश्लील व पोर्नोग्रफी की बॉर्डरलाइन के करीब पाया गया।
लिहाजा अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में आईटी नियम, 2021 और अश्लीलता (ऑब्सेनिटी) और उसके कानूनों के उल्लंघन के संबंध में नोटिस जारी किए गए, जिनमें धारा 67 (अश्लील कंटेंट को प्रकाशित या प्रसारित करना) और 67ए (यौन कंटेंट को प्रकाशित या प्रसारित करना) शामिल हैं। अधिनियम) आईटी अधिनियम, 2000 के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए प्लेटफॉर्म्स को पांच दिन का समय दिया गया था।
तीनों प्लेटफॉर्म्स ठाणे स्थित कंपनी वेबवर्ल्ड मल्टीमीडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित हैं। कंपनी के प्रवक्ता ने इंडियन एक्सप्रेस से कंटेंट हटाने की पुष्टि की है और बताया है कि सभी कंटेंट की समीक्षा की जा रही है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि सूचना-प्रसारण मंत्रालय ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर अश्लीलता को लेकर बढ़ती शिकायतों से निपट रहा है। जबकि वर्तमान में 57 रजिस्टर्ड ओटीटी प्लेटफॉर्म्स हैं, इनमें से अधिकतर शिकायतें उन प्लेटफॉर्म्स से संबंधित हैं जो रजिस्टर्ड नहीं है और यग शिकायतें हाल ही में तेजी से बढ़ी हैं।
टैग्स सूचना प्रसारण मंत्रालय ओटीटी अश्लील कंटेंट